Edited By suman prajapati, Updated: 03 Feb, 2026 11:13 AM

फेमस बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह ने कुछ दिनों पहले प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के फैसले का ऐलान कर सबको हैरान कर दिया था। जहां उनके इस फैसले से कई लोग हैरानी जताते नजर आए, वहीं कई सेलेब्स सिंगर के इस कदम की सराहना भी करते दिखे। वहीं, हाल ही में...
मुंबई. फेमस बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह ने कुछ दिनों पहले प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के फैसले का ऐलान कर सबको हैरान कर दिया था। जहां उनके इस फैसले से कई लोग हैरानी जताते नजर आए, वहीं कई सेलेब्स सिंगर के इस कदम की सराहना भी करते दिखे। वहीं, हाल ही में संगीतकार व सिंगर पलाश सेन अरिजीत के अचानक रिटायरमेंट लेने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और इस फैसले को सही बताया है।
पलाश सेन ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- ‘आज से चौबीस साल पहले 2 फरवरी को मेरी पहली फिल्म 'फिलहाल' रिलीज हुई थी। यह फ्लॉप रही। ज्यादातर आलोचकों ने मेरी आलोचना की और फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने मुझे ट्रोल किया। एक मॉडल से एक्ट्रेस बनी महिला ने मुझे खूब खरी-खोटी सुनाई और कई अन्य लोगों ने भी ऐसा ही किया। वैसे भी मुझे फिल्मों में कोई दिलचस्पी नहीं थी।
उन्होंने आगे कहा-मैंने यह फिल्म सिर्फ इसलिए की क्योंकि मैं महान कवि-लेखक गुलजार साहब द्वारा लिखा एक गीत गाना चाहता था। यह गीत दिग्गज अनु जी द्वारा कंपोज किया जाना मेरे लिए एक और सपने के सच होने जैसा था। बस यही बात थी। मुझे सच में नहीं पता कि मुझे खतरा क्यों समझा गया। मैं तो बस मौज-मस्ती करने और अपना काम पूरी लगन से करने गया था। अद्भुत सुषु (सुष्मिता सेन), तब्बू और संजय के साथ काम करना मेरे लिए इनाम जैसा था। शानदार मेघना के निर्देशन में काम करना मेरे जीवन का एक अनमोल अनुभव है। मेरे पास सिर्फ खूबसूरत यादें हैं और मुझे इस समय से आगे की फिल्म पर बहुत गर्व है। दरअसल, अब जब यह टेलीविजन पर इतनी सफल हो गई है, तो मुझे बहुत खुशी और कृतज्ञता महसूस हो रही है।’
आगे पलाश ने अरिजीत के रिटायरमेंट के फैसले के बारे में कहा- ‘सच तो यह है कि मैं जानता हूं कि मेरा भाई अरिजीत फिल्म प्लेबैक क्यों छोड़ रहा है। मैं भी कई साल पहले इसी राह पर था और मैंने अपना रास्ता खुद चुना था। वही रास्ता जिस पर अब अरिजीत चलेगा।’
पलाश ने बताया कि उस साल उन्हें कई बेस्ट न्यूकमर अवॉर्ड्स के लिए नॉमिनेशन भी मिला था। हालांकि, वो कहीं भी जीत नहीं पाए। भले ही उन्हें पुरस्कार नहीं मिले, लेकिन प्रशंसकों का प्यार उनके लिए सब कुछ था।
बता दें, अरिजीत सिंह ने जनवरी के अंत में प्लेबैक सिंगिंग से अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी और पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था, ‘हैलो, आप सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं। श्रोताओं के रूप में इतने वर्षों तक मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं प्लेबैक सिंगर के रूप में कोई नया काम नहीं करूंगा। मैं संन्यास ले रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा है।’