Edited By Mehak, Updated: 06 May, 2025 02:55 PM

लोकप्रिय लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार की नीतियों और उसकी जवाबदेही को लेकर खुलेआम सवाल खड़े किए हैं। नेहा ने...
बाॅलीवुड तड़क : लोकप्रिय लोक गायिका नेहा सिंह राठौर एक बार फिर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार की नीतियों और उसकी जवाबदेही को लेकर खुलेआम सवाल खड़े किए हैं।
'संकट में देश, तो सवाल कब पूछें?' – नेहा सिंह राठौर
नेहा ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, 'क्या सरकार में बैठे लोग बिना कोई जिम्मेदारी लिए सिर्फ सत्ता का उपभोग करना चाहते हैं? सैकड़ों लोग मारे जाते हैं लेकिन सरकार कभी जिम्मेदारी नहीं लेती। हर सवाल का एक ही जवाब- 'हिंदू खतरे में है।' हर बार यही बात। अभी देश संकट में है… सवाल मत पूछो। तो फिर सवाल कब पूछा जाएगा?' उनकी यह टिप्पणी तेजी से वायरल हो गई और एक बार फिर सरकार विरोधी बयानबाज़ी के लिए वह चर्चा में आ गईं।
राष्ट्रीय महिला आयोग पर भी बोला हमला
सरकार पर निशाना साधने के साथ-साथ नेहा सिंह राठौर ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को भी नहीं बख्शा। उन्होंने लिखा, 'चुपचाप तमाशा देखने के अलावा राष्ट्रीय महिला आयोग के पास और क्या काम होते हैं?' यह टिप्पणी भी सोशल मीडिया पर कई लोगों को चुभ गई और इसके चलते उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और केस दर्ज
नेहा की यह टिप्पणियां सोशल मीडिया पर काफी विवादित साबित हुईं। कई यूज़र्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और कुछ ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके खिलाफ एक मामला भी दर्ज किया गया है।
पहले भी रह चुकी हैं विवादों में
यह पहली बार नहीं है जब नेहा सिंह राठौर ने सरकार की नीतियों पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की हो। इससे पहले उनके प्रसिद्ध लोकगीत 'यूपी में का बा?' ने भी जमकर सुर्खियां बटोरी थीं, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक हालात पर सवाल उठाए थे। उनके गाने अक्सर सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को छूते हैं, जिसके कारण वह जनता के बीच चर्चित तो रहती हैं, लेकिन अक्सर विवादों में भी घिर जाती हैं।
नेहा सिंह राठौर कौन हैं?
नेहा सिंह राठौर बिहार से ताल्लुक रखने वाली एक लोकप्रिय भोजपुरी लोक गायिका हैं। वह अपने विवादित लेकिन सामाजिक मुद्दों पर आधारित लोकगीतों के लिए जानी जाती हैं। उनके गीतों की भाषा आम जनता की जुबान से जुड़ी होती है, जिससे वह बड़ी संख्या में लोगों तक अपनी बात पहुंचा पाती हैं।