Edited By Mehak, Updated: 03 May, 2025 03:31 PM

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह अपनी आवाज़ से करोड़ों दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने 'आज की पार्टी', 'सुबह होने ना दे', 'ढिंक चिका', 'पुष्पा पुष्पा' जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं, जो आज भी हर पार्टी और इवेंट की जान बने रहते हैं। लेकिन गानों के अलावा...
बाॅलीवुड तड़का : बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह अपनी आवाज़ से करोड़ों दिलों पर राज करते हैं। उन्होंने 'आज की पार्टी', 'सुबह होने ना दे', 'ढिंक चिका', 'पुष्पा-पुष्पा' जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं, जो आज भी हर पार्टी और इवेंट की जान बने रहते हैं। लेकिन गानों के अलावा मीका सिंह अक्सर अपने बयानों और विवादों की वजह से भी चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने भारत में खुद के बैन होने और बाॅलीवुड इंडस्ट्री में दोहरा रवैया अपनाए जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है।
पाकिस्तान परफॉर्मेंस और विवाद
दरअसल, 2016 में जब भारत में उरी आतंकी हमला हुआ था, उसी वक्त मीका सिंह ने पाकिस्तान के कराची में एक परफॉर्मेंस दी थी। इस पर भारी विवाद हुआ था और भारत की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की संस्था FWICE (Federation of Western India Cine Employees) ने उन पर बैन लगा दिया था। बाद में मीका सिंह ने माफी मांग ली थी, जिसके बाद उनसे बैन हटा लिया गया।
अब फिर बोले मीका- बैन नहीं होना चाहिए
हाल ही में एक इंटरव्यू में मीका सिंह ने इस मामले पर दोबारा बात की। उन्होंने कहा, 'मैं वीजा लेकर गया था। जो भी पैसे कमाए, उसका टैक्स दिया। तो फिर बैन क्यों होना चाहिए? सरकार ने तो कुछ नहीं कहा, फिर जनता क्यों नाराज़ हो जाती है?' मीका ने यह भी जोड़ा कि अगर कोई और कलाकार ऐसा करता है तो लोग चुप रहते हैं, लेकिन अगर वह करते हैं, तो बवाल मच जाता है।
आतिफ असलम और हनी सिंह पर टिप्पणी
मीका ने कहा कि उनके बाद भी हनी सिंह और आतिफ असलम के साथ कई लोगों ने काम किया, लेकिन उन्हें कोई कुछ नहीं कहता। उन्होंने सवाल उठाया कि, 'अगर मैं करता हूं तो विवाद बन जाता है, क्योंकि मैं पॉपुलर हूं। लोग जानते हैं कि मुझसे खबर बनेगी।' उन्होंने दिलजीत दोसांझ की आने वाली फिल्म का भी जिक्र किया, जिसमें संभवतः एक पाकिस्तानी अभिनेत्री नजर आ सकती हैं, लेकिन उस पर कोई बवाल नहीं हो रहा।
मीका सिंह ने विवादों पर क्या कहा?
जब मीका सिंह से पूछा गया कि वह अक्सर विवादों में क्यों रहते हैं, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, 'मैं सबका फेवरेट हूं। सब चाहते हैं कि मैं उन पर ध्यान दूं। जब देता हूं, तो कहते हैं अच्छा किया। फिर शांत हो जाते हैं।'