Edited By suman prajapati, Updated: 03 Mar, 2026 01:16 PM

पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क यूएस-ईरान तनाव के बीच दुबई में फंसे अपने परिवार के लिए काफी परेशान नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मिडिल ईस्ट में हालातों और दुबई में फंसी फैमिली को लेकर एक इमोशनल पोस्ट किया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है...
मुंबई. पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क यूएस-ईरान तनाव के बीच दुबई में फंसे अपने परिवार के लिए काफी परेशान नजर आ रहे हैं। हाल ही में उन्होंने मिडिल ईस्ट में हालातों और दुबई में फंसी फैमिली को लेकर एक इमोशनल पोस्ट किया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और यूजर्स इस पर अपनी प्रतिक्रिया भी देते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, यूएस-ईरान संघर्ष के बढ़ते तनाव के बीच कई भारतीय स्टार्स भी दुबई में फंसे हैं, जिसमें फेमस सिंगर एमी विर्क का परिवार भी शामिल है। ऐसे में एमी ने अपनी पत्नी और बेटी से जुड़ा एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा- 'यूएई के हालात मेरे दिल पर बहुत भारी पड़ रहे हैं। मेरी पत्नी और मेरी 6 साल की बेटी वहां हैं और एक पति व पिता के रूप में ऐसे वक्त में इमोशनल और परेशान न होना नामुमकिन है।'
उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बेटी ने उनसे कहा, 'पापा, अगर कुछ हुआ तो मैं अपने बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक स्ट्रॉन्ग गर्ल हूं, पापा आप चिंता मत करो।' एक्टर ने लिखा- किसी भी पिता के लिए यह सुनना आसान नहीं होता। हर खबर अब उन्हें पर्सनल लगती है। चाहे पब्लिक लाइफ में हम कितने भी मजबूत दिखें, दिन के आखिर में हम परिवार वाले इंसान ही होते हैं।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस समय सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि कई और परिवार भी डर और चिंता से गुजर रहे हैं। उनकी दुआ सिर्फ अपने अपनों के लिए नहीं, बल्कि हर उस शख्स के लिए है जो इस मुश्किल दौर से गुजर रहा है।
इसके अलावा एमी विर्क ने यूएई सरकार और वहां की अथॉरिटीज की तारीफ करते हुए लिखा कि उन्हें जानकारी मिली है कि वहां की प्रशासनिक टीमें लोगों की सुरक्षा और मदद के लिए लगातार काम कर रही हैं। इसके लिए वे दिल से शुक्रगुजार हैं।