Edited By suman prajapati, Updated: 03 Mar, 2026 05:53 PM

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर करण औजला इन दिनों अपने ‘पी-पॉप कल्चर टूर’ के इंडिया लेग को लेकर सुर्खियों में हैं। 28 फरवरी को उन्होंने दिल्ली में धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ टूर की शुरुआत की थी और 3 मार्च को मुंबई में उनका शो निर्धारित है।...
मुंबई. पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित सिंगर करण औजला इन दिनों अपने ‘पी-पॉप कल्चर टूर’ के इंडिया लेग को लेकर सुर्खियों में हैं। 28 फरवरी को उन्होंने दिल्ली में धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ टूर की शुरुआत की थी और 3 मार्च को मुंबई में उनका शो निर्धारित है। मुंबई पहुंचते ही उन्होंने शहर की सड़कों पर आम लोगों की तरह ऑटो-रिक्शा की सवारी की, लेकिन यह साधारण-सी लगने वाली राइड एक खास वजह से चर्चा का विषय बन गई।
मुंबई की सड़कों पर ऑटो राइड
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में करण औजला को मुंबई की व्यस्त सड़कों पर ऑटो-रिक्शा में सफर करते देखा गया। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस ने ऑटो को रोक लिया। जांच में पता चला कि ऑटो चालक पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से जुड़ा एक लंबित चालान था। जब करण को इस बात की जानकारी मिली, तो उन्होंने बिना देर किए अपनी टीम से ड्राइवर का करीब 17,000 रुपये का बकाया जुर्माना तुरंत जमा करने को कहा। उनकी इस पहल से वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
एक और ड्राइवर की भी की मदद
घटना यहीं खत्म नहीं हुई। उसी दौरान एक अन्य ऑटो चालक करण के पास आया और उसने भी अपने पेंडिंग फाइन की समस्या बताई। सिंगर ने एक बार फिर उदारता दिखाते हुए अपनी टीम से लगभग 5,000 रुपये का उसका जुर्माना भी भरवा दिया। इस तरह कुल मिलाकर 22,000 रुपये का भुगतान किया गया।
बताया जाता है कि जब दूसरे ड्राइवर को पता चला कि उसकी मदद करने वाले व्यक्ति मशहूर गायक करण औजला हैं, तो वह भावुक हो उठा और आभार जताने के लिए उनसे गले मिल लिया। यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद खास बन गया।
सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ
इस घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस ने करण की जमकर सराहना की। कई यूजर्स ने उन्हें “सोने का दिल रखने वाला इंसान” बताया, तो किसी ने इसे “सबसे शानदार फ्लेक्स” कहा। कुछ फैंस ने लिखा कि यही वजह है कि वे करण औजला को इतना पसंद करते हैं। एक फैन ने तो उन्हें “असली हीरा” तक कह डाला।