Edited By suman prajapati, Updated: 03 Mar, 2026 04:58 PM

फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण ने किया है, जबकि इसे विपुल अमृतलाल शाह के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर...
मुंबई. फिल्म ‘द केरला स्टोरी 2’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण ने किया है, जबकि इसे विपुल अमृतलाल शाह के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर कानूनी और कॉपीराइट से जुड़े मुद्दे भी सामने आए हैं।
गैर-कानूनी ब्रॉडकास्टिंग पर अदालत की सख्ती
रिपोर्ट्स के अनुसार, मद्रास हाई कोर्ट ने फिल्म की अवैध प्रसारण (इलीगल ब्रॉडकास्टिंग) को रोकने के लिए अंतरिम आदेश जारी किया है। यह आदेश इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISPs) और केबल टीवी ऑपरेटरों पर लागू होगा, ताकि फिल्म को बिना अनुमति किसी भी प्लेटफॉर्म पर प्रसारित या साझा न किया जा सके।
बताया जा रहा है कि फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड ने अदालत में दो अलग-अलग अर्जियां दाखिल की थीं। निर्माताओं ने आशंका जताई थी कि रिलीज से पहले या तुरंत बाद फिल्म के कॉपीराइट का उल्लंघन हो सकता है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
जस्टिस सेंथिलकुमार राममूर्ति ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा- 'इस तरह के केस में ऐसा नुकसान होता है तो ठीक नहीं किया जा सकता है। गैर-कानूनी ब्रॉडकास्टिंग को शुरू में ही रोका जाना जरुरी है। हालांकि, आदेश व्यापक है तो हो सकता है कि कुछ निर्दोष कंपनियों या लोगों के बिजनेस पर असर पड़े। इसीलिए अगर कोई नुकसान होता है तो मेकर्स को कंपेंसेशन देने का भी भरोसा देना होगा।'
अदालत ने 23 मार्च तक के लिए अंतरिम रोक लागू की है। इस अवधि में फिल्म की किसी भी तरह की गैर-कानूनी स्ट्रीमिंग या प्रसारण पर प्रतिबंध रहेगा। जिन पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज है, उन्हें 23 मार्च तक अपना जवाब दाखिल करना होगा। साथ ही, प्राइवेट नोटिस जारी करने की अनुमति भी दी गई है। निर्माताओं को सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) के ऑर्डर XXXIX रूल 3 का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें, ‘द केरला स्टोरी 2’ में अदिती भाटिया, उल्का गुप्ता और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रही हैं। रिलीज के शुरुआती तीन दिनों में फिल्म ने लगभग 11.35 करोड़ रुपये का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया है।