Edited By suman prajapati, Updated: 11 Feb, 2026 12:10 PM

टॉलीवुड के लोकप्रिय कपल महेश बाबू और नम्रता शिरोडकर ने हाल ही में अपनी शादी के 21 साल पूरे कर लिए हैं। 10 फरवरी 2005 को विवाह बंधन में बंधे इस जोड़े ने शादी के 21 साल पूरे प्यार और समर्पण के साथ एक दूजे के साथ बिताए हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा...
मुंबई. टॉलीवुड के लोकप्रिय कपल महेश बाबू और नम्रता शिरोडकर ने हाल ही में अपनी शादी के 21 साल पूरे कर लिए हैं। 10 फरवरी 2005 को विवाह बंधन में बंधे इस जोड़े ने शादी के 21 साल पूरे प्यार और समर्पण के साथ एक दूजे के साथ बिताए हैं और दूसरों के लिए प्रेरणा साबित हुए हैं। वहीं, अपनी सालगिरह के खास मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के प्रति अपना प्यार और आभार व्यक्त किया है।
नम्रता ने शेयर की पुरानी याद
सालगिरह के अवसर पर नम्रता शिरोडकर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की। इस फोटो में वह और महेश बाबू हवाई जहाज के अंदर साथ बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर भले ही पुरानी हो, लेकिन उसमें झलकता अपनापन आज भी उतना ही ताजा है।
फोटो के साथ नम्रता ने एक छोटा लेकिन भावुक संदेश लिखा। उन्होंने अपने पति के लिए लिखा कि वह आज भी उन्हें ही चुनती हैं—हर दिन, हर बार। अंत में उन्होंने “हैप्पी 21” लिखकर अपने 21 साल के साथ का जश्न मनाया। उनका यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आया और पोस्ट पर बधाइयों की बाढ़ आ गई।
महेश बाबू ने भी जताया प्यार
महेश बाबू ने भी नम्रता की पोस्ट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया, जिससे साफ झलकता है कि यह खास दिन दोनों के लिए कितना मायने रखता है। फैंस और सेलेब्रिटीज ने भी इस जोड़ी को सालगिरह की शुभकामनाएं दीं।
फिल्म के सेट से शुरू हुई थी प्रेम कहानी
महेश बाबू और नम्रता की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2000 में फिल्म ‘वाम्सी’ के सेट पर हुई थी। उस समय महेश बाबू अपने करियर में आगे बढ़ रहे थे, जबकि नम्रता शिरोडकर मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीत चुकी थीं।
फिल्म के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कुछ सालों तक एक-दूसरे को समझने के बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया। 10 फरवरी 2005 को दोनों ने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में विवाह किया। आज इस कपल के दो बच्चे हैं-बेटा गौतम, जिसका जन्म 2006 में हुआ, और बेटी सितारा, जो 2012 में पैदा हुईं। अक्सर यह परिवार सोशल मीडिया पर अपनी झलकियां शेयर करता रहता है, जिन्हें फैंस बेहद पसंद करते हैं।