Edited By suman prajapati, Updated: 18 Apr, 2025 12:34 PM

हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने कुछ दिनों पहले बॉलीवुड से तंग आकर मुंबई छोड़ दिया था। उनके इस फैसले ने सबको हैरान कर दिया था। उनके मुंबई छोड़ने के बाद कयास लगाने लगे कि अनुराग ने फिल्म मेकिंग को हमेशा के लिए छोड़ दिया। हालांकि, ऐसा...
मुंबई. हिंदी सिनेमा के मशहूर फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने कुछ दिनों पहले बॉलीवुड से तंग आकर मुंबई छोड़ दिया था। उनके इस फैसले ने सबको हैरान कर दिया था। उनके मुंबई छोड़ने के बाद कयास लगाने लगे कि अनुराग ने फिल्म मेकिंग को हमेशा के लिए छोड़ दिया। हालांकि, ऐसा कुछ नहीं है। फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने की अफवाहों पर भड़ास निकालते हुए अनुराग कश्यप ने हाल ही में इन पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
फिल्म मेकिंग छोड़ने की अफवाहों पर रिएक्ट करते हुए अनुराग कश्यप ने एक्स पर लिखा, “मैंने सिर्फ शहर बदला है, फिल्म मेकिंग नहीं छोड़ी। जो लोग सोचते हैं कि मैं हताश होकर चला गया, उन्हें बता दूं कि मैं यहीं हूं और शाहरुख खान से भी ज्यादा व्यस्त हूं। मेरे पास 2028 तक की डेट्स बुक हैं। इस साल मेरी पांच फिल्में रिलीज हो सकती हैं, या शायद तीन इस साल और और दो अगले साल आने की उम्मीद है। मैं हर दिन तीन प्रोजेक्ट्स को मना करता हूं।”
क्यों छोड़ा था मुंबई
पिछले दिनों एक इंटरव्यू में अनुराग कश्यप ने मुंबई छोड़ने की वजह बताई थी। उन्होंने कहा था, “फिल्म इंडस्ट्री का माहौल अब बहुत जहरीला हो गया है। हर कोई 500 या 800 करोड़ की फिल्म बनाने की होड़ में है। रचनात्मकता कहीं खो गई है। शहर सिर्फ इमारतों से नहीं, बल्कि वहां के लोगों से बनता है। लेकिन यहां लोग आपको नीचे खींचते हैं।”

हालांकि, मुंबई से दूर जाने के बावजूद अनुराग न सिर्फ निर्देशन में एक्टिव हैं और कई फिल्मों को डायरेक्ट कर रहे हैं।