Edited By suman prajapati, Updated: 10 Feb, 2026 03:54 PM

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और उनके पति, आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। वजह है एक वायरल इंस्टाग्राम रील, जिस पर दोनों ने मजेदार अंदाज़ में रिएक्शन दिया है। यह रील न सिर्फ राघव चड्ढा के काम की तारीफ...
मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और उनके पति, आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। वजह है एक वायरल इंस्टाग्राम रील, जिस पर दोनों ने मजेदार अंदाज़ में रिएक्शन दिया है। यह रील न सिर्फ राघव चड्ढा के काम की तारीफ कर रही है, बल्कि इसमें उन्हें “हैंडसम” भी कहा गया है, जिसे लेकर यूजर्स का खूब ध्यान जा रहा है।
दरअसल, कुछ समय पहले राघव चड्ढा ने एयरपोर्ट पर मिलने वाले महंगे खाने-पीने को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने संसद में इंडियन एविएशन बिल पर चर्चा के दौरान कहा था कि आम यात्रियों को एयरपोर्ट पर चाय के लिए 250 रुपये और समोसे के लिए 350 रुपये तक चुकाने पड़ते हैं, जो बिल्कुल जायज़ नहीं है। इसी मुद्दे के बाद एयरपोर्ट पर “उड़ान यात्री कैफे” की शुरुआत हुई, जहां अब यात्रियों को चाय सिर्फ 10 रुपये और समोसा 20 रुपये में मिल रहा है।
इसी से जुड़ा एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर पीयूष त्रिपाठी ने अपने पार्टनर के साथ एक रील शेयर की, जिसमें दोनों एयरपोर्ट पर सस्ते दामों में चाय और समोसे लेते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दोनों यह देखकर खुश होते हैं कि जहां आमतौर पर एयरपोर्ट का खाना बहुत महंगा होता है, वहीं यहां बेहद किफायती दामों में सब कुछ मिल रहा है। रील के कैप्शन में इंफ्लुएंसर ने लिखा, “एक्सपेक्टेशन: एयरपोर्ट = महंगा
रियलिटी: 20 रुपये का समोसा + 10 रुपये की चाय
फैक्ट चेक पास।”

वीडियो के दौरान पीयूष यह भी कहते हैं कि इतने सस्ते दाम राघव चड्ढा की वजह से संभव हो पाए हैं। इसके बाद वह अपनी पार्टनर से पूछते हैं, “राघव चड्ढा कैसे लगते हैं?” जिस पर वह मुस्कुराते हुए जवाब देती है, “हैंडसम।” बस यहीं से यह रील और ज्यादा चर्चा में आ गई।

इस वायरल वीडियो राघव चड्ढा ने खुद कमेंट किया। उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा, “हाहा, उम्मीद है आपको समोसा पसंद आया होगा।”
वहीं, परिणीति चोपड़ा का रिएक्शन भी लोगों को काफी पसंद आया। उन्होंने आंखों वाले और हंसने वाले इमोजी के साथ लिखा, “मैं पूरी तरह सहमत हूं,”
जिसे फैंस ने राघव को “हैंडसम” कहे जाने पर उनका प्यारा और सपोर्टिव रिएक्शन माना।
यह वीडियो अब तक 90 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यूजर्स न सिर्फ राघव चड्ढा की पहल की तारीफ कर रहे हैं, बल्कि परिणीति और राघव की क्यूट केमिस्ट्री पर भी दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं।