Edited By suman prajapati, Updated: 25 Jun, 2025 09:28 AM

एक्टर अनिल कपूर और जाने-माने फिल्म निर्माता निर्देशक बोनी कपूर की मां निर्मल कपूर का पिछले महीने निधन हो गया था, जिससे उनका पूरा परिवार टूट गया था। वहीं, अब मां के निधन के करीब डेढ़ महीने बाद हाल ही में दोनों भाई ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा...
मुंंबई. एक्टर अनिल कपूर और जाने-माने फिल्म निर्माता निर्देशक बोनी कपूर की मां निर्मल कपूर का पिछले महीने निधन हो गया था, जिससे उनका पूरा परिवार टूट गया था। वहीं, अब मां के निधन के करीब डेढ़ महीने बाद हाल ही में दोनों भाई ऋषिकेश पहुंचे, जहां उन्होंने गंगा आरती में हिस्सा लिया और परमार्थ निकेतन आश्रम का भी दौरा किया।
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी और साध्वी भगवती सरस्वती जी के सान्निध्य में अनिल कपूर और बोनी कपूर ने मां गंगा की आरती की। स्वामी जी ने अनिल कपूर और बोनी का पुष्पहार और रूद्राक्ष का पौधा भेंट कर आशीर्वाद दिया और फिल्मों के जरिए से धर्म, सेवा, संस्कार और संवेदना से युक्त फिल्मों के निर्माण हेतु प्रेरित किया। स्वामी ने कहा कि कपूर परिवार भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सिनेमा के माध्यम से देश के युवाओं को प्रेरित कर रहे हैं।
इस मौके पर अनिल कपूर और बोनी कपूर ने अपने माता-पिता, श्री सुरिंदर कपूर जी और श्रीमती निर्मल कपूर जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में जो भी मूल्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना है, वो उन्हें अपने माता-पिता से विरासत में मिली है। उन्होंने परमार्थ निकेतन के आध्यात्मिक वातावरण को अत्यंत शांति और प्रेरणा देने वाला बताया।

स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी ने कहा कि कपूर परिवार न केवल सिनेमा के माध्यम से देश और समाज को दिशा देता रहा है। अनिल कपूर जी और बोनी कपूर जी जैसे कलाकार जब अध्यात्म और संस्कृति की ओर आते हैं, तो वो लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बनते हैं। आज का ये संगम केवल गंगा जल का नहीं, बल्कि संस्कृति, सिनेमा और साधना का मिलन भी है।
अनिल कपूर और बोनी कपूर ने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि वो परमार्थ निकेतन की दिव्य गंगा आरती का ये अनुभव अपने जीवन की अमूल्य स्मृति के रूप में सदैव संजोकर रखेंगे।