Edited By Mehak, Updated: 07 May, 2025 06:25 PM

बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी जल्द ही फिल्म 'केसरी वीर' में एक योद्धा के किरदार में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म उन गुमनाम वीरों की कहानी पर आधारित है, जिन्होंने इतिहास में अहम भूमिका निभाई लेकिन कभी सुर्खियों में नहीं आ पाए। 'केसरी वीर' फिल्म सोमनाथ...
बाॅलीवुड तड़का : बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी जल्द ही फिल्म 'केसरी वीर' में एक योद्धा के किरदार में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म उन गुमनाम वीरों की कहानी पर आधारित है, जिन्होंने इतिहास में अहम भूमिका निभाई लेकिन कभी सुर्खियों में नहीं आ पाए। 'केसरी वीर' फिल्म सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए लड़े गए युद्ध पर केंद्रित है, जिसमें इन वीरों ने घुसपैठियों के खिलाफ मोर्चा संभाला था। सुनील शेट्टी ने इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में भारत की ऐतिहासिक फिल्मों और संस्कृति की महत्ता पर खुलकर बात की।
सुनील शेट्टी का मानना है कि भारत एक महान देश है और हमें गर्व के साथ यह कहना चाहिए कि यह हमारा देश है, हमारे राज्य हैं और हमारे अपने हीरो हैं। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में जिस तरह से ऐतिहासिक विषयों पर फिल्में बन रही हैं, उससे न सिर्फ लोग जुड़ रहे हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति, रीति-रिवाज और इतिहास के बारे में भी अधिक जान रहे हैं। सुनील ने बताया कि यह बदलाव वह खुद अपने घर में भी महसूस कर रहे हैं, और यह बदलाव पूरे देश में दिख रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले गुजरात को सिर्फ व्यापार, खानपान, परिवार और त्योहारों की भूमि के रूप में देखा जाता था, लेकिन अब पहली बार वहां के असली हीरोज की कहानियों को सामने लाया जा रहा है- वे लोग जिन्होंने मुगलों के खिलाफ अपने मंदिरों, अपने समुदाय और यहां तक कि भगवान शिव के लिए लड़ाई लड़ी।
जब सुनील से पूछा गया कि क्या इस तरह की ऐतिहासिक फिल्में समाज में नफरत फैलाती हैं या धर्मनिरपेक्षता पर चोट करती हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म में एक बार भी किसी समुदाय को टारगेट नहीं किया गया है और न ही किसी के प्रति कोई नफरत दिखाई गई है। उनका मानना है कि सनातन धर्म केवल धर्म या मजहब की बात नहीं करता बल्कि यह कर्म और सहानुभूति की बात करता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनकी फिल्म की यही खूबसूरती है कि इसमें यह दिखाया गया है कि हम नहीं चाहते कि बाहरी ताकतें हमारे देश में नफरत फैलाएं।

सुनील शेट्टी से जब राष्ट्रवाद पर आधारित फिल्मों को 'प्रोपेगेंडा' और 'जिंगोइज्म' कहे जाने पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह इन फिल्मों को एक सकारात्मक दृष्टिकोण से देखते हैं। उन्होंने कहा कि वह रील लाइफ में भले ही एक सैनिक का रोल निभा रहे हों, लेकिन उसे वह देश के लिए अपनी ड्यूटी मानते हैं। सुनील ने साफ तौर पर कहा कि अगर कोई उनकी मातृभूमि के खिलाफ अपशब्द कहेगा, तो वह कभी चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जो वाकई अपने देश से प्यार करता है, वह गलत चीजों के खिलाफ आवाज जरूर उठाता है। सुनील शेट्टी की फिल्म 'केसरी वीर' 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को भारत के अनजाने लेकिन बहादुर योद्धाओं से रुबरु कराएगी।