Edited By Smita Sharma, Updated: 14 Jun, 2025 11:22 AM

करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का 12 जून 2025 को दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से निधन हुआ। 53 वर्षीय बिजनेसमैन को पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ा। वहीं अब खबरें हैं कि संजय कपूर के अंतिम संस्कार में देरी हो सकती है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, संजय...
अमेरिकी नागरिकता बनी संजय कपूर के अंतिम संस्कार में रोड़ा, करिश्मा कपूर के एक्स पति का पार्थिव शरीर दिल्ली लाने में हो रही है देरी
मुंबई: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का 12 जून 2025 को दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से निधन हुआ। 53 वर्षीय बिजनेसमैन को पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ा। वहीं अब खबरें हैं कि संजय कपूर के अंतिम संस्कार में देरी हो सकती है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, संजय के अंतिम संस्कार में देरी हो सकती है क्योंकि उनके पास अमेरिकी नागरिकता थी।
एक रिपोर्ट के अनुसार संजय कपूर के अंतिम संस्कार में उनकी नागरिकता के कारण देरी हो सकती है। परिवार के एक करीबी सूत्र ने इस बात का खुलासा किया। अंदरूनी सूत्रों के अनुसार संजय कपूर के पास अमेरिकी नागरिकता है और चूंकि उनका निधन लंदन में हुआ इसलिए उनके शव को भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया जटिल हो सकती है। संजय कपूर के पिता अशोक सचदेव के अनुसार अंतिम संस्कार दिल्ली में किया जाएगा। उन्होंने कहा- 'पोस्टमार्टम अभी चल रहा है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भारत लाया जाएगा।'

संजय कपूर गार्ड्स पोलो क्लब में पोलो खेल रहे थे, तभी उन्हें सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई और खेल के बीच में ही उनका दम घुटने लगा। उन्होंने खेल रोकने का अनुरोध किया और फिर मैदान से बाहर चले गए। जल्द ही उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई। वहीं एक अंदरूनी सूत्र ने यह भी खुलासा किया कि संजय कपूर ने कथित तौर पर एक मधुमक्खी निगल ली थी और हो सकता है कि मधुमक्खी ने उनके गले में डंक मार दिया हो जिससे उन्हें दिल का दौरा पड़ा।

बता दें कि 53 वर्षीय बिजनेसमैन अपनी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव और उनके बेटे अजारियास को छोड़ गए हैं। वह अपनी दूसरी पत्नी करिश्मा कपूर से एक बेटी समायरा और एक बेटे कियान के पिता भी हैं। उन्होंने नंदिता महतानी से भी शादी की थी जो उनकी पहली पत्नी थीं।