Edited By suman prajapati, Updated: 01 Mar, 2026 11:04 AM

इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए मिसाइल हमलों के बाद हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। ऐसे में दुबई से भारत आने वाली उड़ानें भी रद्द हो गई हैं। वहीं, इन परिस्थितियों के बीच एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर...
मुंबई. इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए मिसाइल हमलों के बाद हालात काफी तनावपूर्ण हो गए हैं। कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। ऐसे में दुबई से भारत आने वाली उड़ानें भी रद्द हो गई हैं। वहीं, इन परिस्थितियों के बीच एक्ट्रेस सोनल चौहान दुबई एयरपोर्ट पर फंस गई हैं और वहां से बाहर निकलने के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगाई है।

दुबई एयरपोर्ट में फंसी सोनल चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- सभी फ्लाइट्स रद्द हैं और भारत लौटने का कोई साफ रास्ता नजर नहीं आ रहा। पोस्ट में उन्होंने सरकार से मार्गदर्शन और सुरक्षित वापसी के लिए सहयोग की मांग की। उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनल अकेली नहीं हैं। भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू और भारतीय बास्केटबॉल टीम भी दोहा में फंसी हुई बताई जा रही है। फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने भी दुबई एयरपोर्ट की अचानक बंदी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने कभी ऐसी स्थिति की कल्पना नहीं की थी।
दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें निलंबित
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और Al Maktoum International Airport (DWC) पर उड़ान संचालन अगली सूचना तक निलंबित कर दिया गया। इजराइल द्वारा तेहरान पर हमलों के बाद इजराइल, ईरान, इराक और दुबई समेत कई क्षेत्रों ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिससे अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
सोनल चौहान का फिल्मी करियर
सोनल चौहान ने बॉलीवुड में अपनी पहचान फिल्म जन्नत से बनाई थी, जिसमें उनके साथ इमरान हाश्मी नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने कई हिंदी और साउथ फिल्मों में काम किया और सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत फैन फॉलोइंग है।