Edited By suman prajapati, Updated: 27 Mar, 2025 04:30 PM

गीतकार जावेद अख्तर और कंगना रनौत के बीच मानहानि का मामला काफी चर्चा में रहा था। हालांकि, करीब पांच साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद यह विवाद एक्ट्रेस के माफी मांगने के बाद खत्म हो गया और दोनों के बीच सुलह हो गई। वहीं, अब कई दिनों बाद जावेद अख्तर की...
मुंबई. गीतकार जावेद अख्तर और कंगना रनौत के बीच मानहानि का मामला काफी चर्चा में रहा था। हालांकि, करीब पांच साल तक चली कानूनी लड़ाई के बाद यह विवाद एक्ट्रेस के माफी मांगने के बाद खत्म हो गया और दोनों के बीच सुलह हो गई। वहीं, अब कई दिनों बाद जावेद अख्तर की वाइफ शबाना आजमी ने अब इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है। कई दिनों से यह चर्चा में है कि दोनों के बीच आपसी समझौता हुआ था। इस बात पर शबाना का गुस्सा भड़का है।
शबाना आजमी का कहना है कि मीडिया में ऐसा क्यों कहा जा रहा है कि कंगना और जावेद अख्तर के बीच आपसी समझौता हुआ था। उन्होने कहा, ये जावेद जी और वकील की जीत है क्योंकि कंगना रनौत ने लिखित में माफी मांगी थी। लेकिन बाहर ऐसा दिखाया जा रहा है कि ये एक आपसी समझौता था। इस बात को देखकर मैं हैरान हूं कि लोग ऐसा क्यों लिख रहे हैं। अगर ये ऐसा था तो इसको लेकर साढ़े चार साल तक मुकदमा क्यों लड़ा था।"

क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, कंगना और जावेद के बीच इस विवाद की शुरुआत 2016 में हुई थी, जब कंगना और ऋतिक रोशन के बीच का विवाद पब्लिक हो गया था। जावेद अख्तर ने उस समय दोनों के बीच विवाद को सुलझाने के लिए कंगना को अपने घर बुलाया था और उनसे ऋतिक से माफी मांगने को कहा था। हालांकि, कंगना ने उस वक्त इस प्रस्ताव को नजरअंदाज कर दिया। फिर 2020 में कंगना ने एक इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि जावेद अख्तर ने उन्हें धमकी दी थी और इसके बाद जावेद अख्तर ने कंगना के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया। हालांकि यह विवाद अब कानूनी रूप से खत्म हो चुका है और दोनों ने इस मामले को सुलझा लिया है।