Edited By suman prajapati, Updated: 02 Dec, 2025 10:32 AM

'सिलसिला प्यार का', 'बेताबी' और 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर चंद्रचूड़ सिंह से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। उन्होंने अपने परिवार पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्टर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में उनकी...
मुंबई. 'सिलसिला प्यार का', 'बेताबी' और 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर चंद्रचूड़ सिंह से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। उन्होंने अपने परिवार पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। एक्टर ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में उनकी हवेली है, जिसे बेचने की साजिश की जा रही है। यह आरोप लगाते हुए एक्टर ने अपनी चाची व अन्य के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। इतना ही नहीं, चंद्रचूड़ की चाची ने भी उन पर मारपीट का आरोप लगाया है। तो आइए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला...
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में रोरावर क्षेत्र के जलालपुर इलाके में 'द हवेली जलालपुर एस्टेट 1855' (कल्याण भवन) नाम से चंद्रचूड़ सिंह की बड़ी कोठी है, जिसे बेचने की साजिश हो रही है।
हाल ही में चंद्रचूड़ अपनी मां और दो भाइयों के साथ SSP ऑफिस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रार्थना पत्र दिया। इस पत्र में एक्टर ने अपनी विधवा चाची व अन्य पर जमीन बेचने की साजिश करने का आरोप लगाया। फिर शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने ने कहा कि उनके पिता ने बहुत अन्याय सहा है। उन्हें उस घर में कभी रहने नहीं दिया गया। पर अब वो इसके खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।
चंद्रचूड़ सिंह की फैमिली
चंद्रचूड़ सिंह के पिता बलदेव सिंह तीन भाई थे। एक्टर के पिता बलदेव सिंह विधायक थे। उनकी मां कृष्णा कुमारी देवी के पिता ओडिशा के महाराजा थे। वहीं, बलदेव के दूसरे भाई पुण्य प्रताप के बच्चे विदेश में और मुंबई में रहते हैं। सबसे छोटे भाई गंगा सिंह का कुछ दिनों पहले निधन हो गया। उनके बच्चे भी विदेश में रहते हैं।
एक्टर ने बताया कि कभी उनका पूरा परिवार साथ में रहता था। इस कोठी में उनका बचपन बीता है। पर चाचा के निधन के बाद हवेली को लेकर साजिश रची जा रही है।
इसके बाद चंद्रचूड़ की चाची भी SSP ऑफिस पहुंची, जहां उन्होंने एक्टर व अन्य के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने जमीन पर अपना हक जताया और कहा कि उन्हें मारपीट करके बाहर निकालने की कोशिश हो रही है।