Edited By suman prajapati, Updated: 15 Feb, 2026 01:48 PM

मुंबई के मुलुंड में 14 फरवरी को एक बेहद ही भयानक हादसा हुआ। मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो ट्रेन के ऊंचे पुल की रेलिंग गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग तीन लोग घायल हो गए। इस घटना पर लोग सोशल मीडिया पर अपना रोष प्रकट करते नजर आए। वहीं, अब...
मुंबई. मुंबई के मुलुंड में 14 फरवरी को एक बेहद ही भयानक हादसा हुआ। मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो ट्रेन के ऊंचे पुल की रेलिंग गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग तीन लोग घायल हो गए। इस घटना पर लोग सोशल मीडिया पर अपना रोष प्रकट करते नजर आए। वहीं, अब स्टैंड-अप कॉमेडियन और लेखक वरुण ग्रोवर ने इस हादसे पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
वरुण ग्रोवर ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'मुंबई भारत का सबसे भ्रष्ट शहर है, शायद बहुत बड़े अंतर से। भारत की वाणिज्यिक राजधानी में सड़कें सबसे खराब हैं। मैंने पिछले दो वर्षों में लगभग हर भारतीय राज्य के गांवों की सड़कें देखी हैं और वे इससे बेहतर हैं। शहरी नियोजन बेहद खराब है, और मानव जीवन के प्रति पूर्ण उपेक्षा है। '
बता दें, इस हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है। वहीं, राजकुमार इंद्रजीत, महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रुहिया सहित तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनका इलाज चल रहा है।
वहीं, मेट्रो निर्माण विभाग (एमएमआरडीए) ने इस हादसे के बाद एक बयान जारी कर कहा कि घायलों की हालत पर नजर पूरी रखी जा रही है और उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है। मेट्रो परियोजना टीम घटनास्थल पर मौजूद है और बीएमसी और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ मिलकर राहत कार्यों और स्थल को सुरक्षित करने में लगी हुई है।'