Edited By suman prajapati, Updated: 30 Dec, 2025 02:18 PM

साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना को लेकर लंबे समय से उनके रिश्ते की अटकलें लगती रही हैं। हालांकि, दोनों स्टार्स ने कभी अपने रिश्ते को ऑफिशियल नहीं किया, लेकिन हाल के महीनों में दोनों को कई बार अंगूठियां पहने देखा गया,...
मुंबई. साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना को लेकर लंबे समय से उनके रिश्ते की अटकलें लगती रही हैं। हालांकि, दोनों स्टार्स ने कभी अपने रिश्ते को ऑफिशियल नहीं किया, लेकिन हाल के महीनों में दोनों को कई बार अंगूठियां पहने देखा गया, जिसने सगाई की खबरों को और मजबूत कर दिया। इन सबके बीच अब कहा जा रहा है कि रश्मिका और विजय जल्द ही शादी के बंधन में बंधन जा रहे हैं। इसके साथ ही उनकी वेडिंग डेट का भी खुलासा हो गया है।
फरवरी 2026 में होगी शादी
ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अगले साल यानी 2026 में शादी करने की तैयारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों ने 3 अक्टूबर 2025 को हैदराबाद में बेहद निजी समारोह में सगाई की थी। इस खास मौके पर सिर्फ परिवार के सदस्य और चुनिंदा करीबी दोस्त ही मौजूद थे। हालांकि दोनों कलाकारों ने सार्वजनिक तौर पर इस रिश्ते पर कभी खुलकर बात नहीं की, लेकिन उनकी टीम की ओर से यह संकेत जरूर दिया गया था कि शादी फरवरी में होगी।

अब सामने आई नई जानकारी के अनुसार, यह शादी 26 फरवरी 2026 को राजस्थान के उदयपुर में होगी। खबर है कि इसके लिए एक भव्य हेरिटेज पैलेस को वेन्यू के तौर पर चुना गया है। शादी को भी सगाई की तरह ही निजी और सीमित रखने की योजना है, ताकि यह पल सिर्फ अपने लोगों के साथ खास बन सके।

इंडस्ट्री पार्टी पर सस्पेंस
शादी के बाद फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों के लिए किसी रिसेप्शन या पार्टी का आयोजन होगा या नहीं, इस पर अभी कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि उदयपुर में शादी के बाद दोनों हैदराबाद लौट सकते हैं, जहां परिवार के साथ वक्त बिताएंगे। इंडस्ट्री पार्टी को लेकर फैंस और दोस्तों में अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
फिल्मों से शुरू हुई नजदीकियां
विजय और रश्मिका की जोड़ी को दर्शकों ने पहली बार 2018 की सुपरहिट फिल्म ‘गीता गोविंदम’ में देखा था। इसके बाद 2019 में आई ‘डियर कॉमरेड’ में भी दोनों की केमिस्ट्री को खूब पसंद किया गया। फिल्मों के अलावा दोनों को इंटरनेशनल और इंडियन इवेंट्स में भी कई बार साथ देखा गया है, जिसमें उनकी नजदीकियों की खूब खबरें उड़ीं।