Edited By suman prajapati, Updated: 21 Mar, 2025 11:03 AM

बॉक्स ऑफिस पर लगातार ऊंचाइयां छू रही विक्की कौशल की फिल्म छावा इन दिनों काफी चर्चा में है। वहीं, हाल ही में विक्की की फिल्म को लेकर मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फिल्म के अनधिकृत डिजिटल प्रसारण के खिलाफ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
मुंबई. बॉक्स ऑफिस पर लगातार ऊंचाइयां छू रही विक्की कौशल की फिल्म छावा इन दिनों काफी चर्चा में है। वहीं, हाल ही में विक्की की फिल्म को लेकर मुंबई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फिल्म के अनधिकृत डिजिटल प्रसारण के खिलाफ अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
शिकायत अगस्त एंटरटेनमेंट के सीईओ राजत राहुल हक्सर ने की थी, जो मैडॉक फिल्म्स की ओर से नियुक्त एंटी-पायरेसी एजेंसी के प्रमुख हैं। उन्होंने जानकारी दी कि फिल्म को 1,818 इंटरनेट लिंक्स के जरिए गैरकानूनी तरीके से फैलाया गया।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "हमारी जांच में पता चला कि अज्ञात लोगों ने 1,818 लिंक्स बनाए, जिससे कॉपीराइट कानून टूटा और फिल्म के थिएटर रिलीज पर असर पड़ा। साइबर पुलिस इन लिंक्स के आईपी एड्रेस ट्रैक कर रही है।" भारतीय न्याय संहिता, कॉपीराइट एक्ट, सिनेमैटोग्राफ एक्ट और सूचना प्रौद्योगिकी एक्ट के तहत साउथ रीजन साइबर पुलिस में केस दर्ज हुआ है।
बता दें, फिल्म 'छावा' 14 फरवरी 2025 को पर्दे पर रिलीज हुई है। यह शिवाजी सावंत के मराठी उपन्यास पर आधारित है और मराठा साम्राज्य के दूसरे शासक संभाजी महाराज की कहानी को बयां करती है। फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। वहीं, दिनेश विजन ने मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले इसे प्रोड्यूस किया है। इसमें विक्की कौशल के अलावा रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म की कुल कमाई अब 572.95 करोड़ रुपये हो गई है। उम्मीद है कि यह जल्द ही 600 करोड़ के आंकड़े को भी छू लेगी।