Edited By suman prajapati, Updated: 13 Feb, 2026 02:59 PM

बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों सालों पुराने चेक बाउंस और कर्ज न चुकाने के मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। बीते दिन दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था और अगली सुनवाई 16 फरवरी को तय की गई है। उसी दिन यह...
मुंबई. बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों सालों पुराने चेक बाउंस और कर्ज न चुकाने के मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हैं। बीते दिन दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर दिया था और अगली सुनवाई 16 फरवरी को तय की गई है। उसी दिन यह साफ होगा कि उन्हें जमानत मिलेगी या नहीं। इस बीच जेल के अंदर उनकी दिनचर्या और हालात को लेकर कई जानकारियां सामने आई हैं।
कैदियों के बीच घुल-मिल गए राजपाल
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जेल में पहुंचने के बाद पहले 24 घंटे राजपाल यादव काफी शांत रहे। हालांकि धीरे-धीरे उन्होंने खुद को सामान्य किया और अब वे अन्य कैदियों के साथ घुल-मिल गए हैं। बताया जा रहा है कि वे साथी कैदियों को अपने फिल्मी किस्से सुनाते हैं और माहौल हल्का करने के लिए अपनी फिल्मों के मशहूर सीन भी करके दिखाते हैं।
उनकी कॉमिक टाइमिंग से कैदियों के बीच हंसी-ठहाके गूंजते रहते हैं। साथ ही वे अपने केस और निजी अनुभवों के बारे में भी बातचीत करते हैं।

जेल में कैसा है उनका रूटीन?
तिहाड़ जेल में राजपाल यादव का रूटीन आम कैदियों जैसा ही है। सुबह बैरक से बाहर निकलना। रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद नाश्ता, दिनभर निर्धारित नियमों का पालन, शाम करीब 7 बजे डिनर, रात लगभग 10 बजे सोना और सुबह 5-6 बजे उठना। उन्हें किसी तरह की वीआईपी सुविधा नहीं दी गई है और उन्होंने भी ऐसी कोई मांग नहीं की है।

किस मामले में गए जेल?
राजपाल यादव पर 2010 में बनी फिल्म “अता-पता लापता” के लिए लिया गया कर्ज न चुकाने का आरोप है। जानकारी के अनुसार, उन्होंने दिल्ली के एक कारोबारी गोपाल माधव अग्रवाल से लगभग 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। समय पर भुगतान न होने के कारण मामला कोर्ट तक पहुंच गया। यह केस कई वर्षों तक चलता रहा। ब्याज और पेनाल्टी जुड़ने के बाद रकम करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इससे पहले 2018 में भी वे इसी मामले में जेल जा चुके थे, लेकिन बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
आखिरकार 5 फरवरी 2026 को राजपाल यादव ने तिहाड़ जेल में सरेंडर कर दिया। इसके अलावा अगस्त 2024 में बैंक द्वारा उनके शाहजहांपुर स्थित घर को भी सील किए जाने की खबर सामने आई थी।
अब आगे क्या?
अब सभी की नजर 16 फरवरी की सुनवाई पर टिकी है। उसी दिन अदालत यह तय करेगी कि राजपाल यादव को जमानत मिलेगी या उन्हें आगे भी जेल में रहना होगा।