Edited By suman prajapati, Updated: 06 Mar, 2026 01:09 PM

ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकी प्रियंका का नाम अब ऑस्कर 2026 की प्रेजेंटर लिस्ट में शामिल हो गया है। 98वें अकादमी अवॉर्ड समारोह में वह...
मुंबई. ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही हैं। बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकी प्रियंका का नाम अब ऑस्कर 2026 की प्रेजेंटर लिस्ट में शामिल हो गया है। 98वें अकादमी अवॉर्ड समारोह में वह प्रेजेंटर के तौर पर नजर आएंगी और विजेताओं को अवॉर्ड देती दिखाई देंगी। इस खबर के सामने आते ही उनके फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
दरअसल, हर साल अमेरिका की एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज की ओर से सिनेमा जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ‘ऑस्कर अवॉर्ड’ आयोजित किए जाते हैं। इस समारोह में बेस्ट फिल्म, बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस सहित कई कैटेगरी में अवॉर्ड दिए जाते हैं। हाल ही में जारी की गई प्रेजेंटर लिस्ट में प्रियंका चोपड़ा का नाम भी शामिल किया गया है। इस लिस्ट में उनके अलावा हॉलीवुड के कई बड़े सितारे भी शामिल हैं, जो मंच पर विजेताओं के नाम की घोषणा करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे।

ऑस्कर 2026 के प्रेजेंटर्स में प्रियंका चोपड़ा के साथ विल आर्नेट, रॉबर्ट डाउनी जूनियर, ग्विनेथ पाल्ट्रो, ऐन हैथवे और पॉल मेस्कल जैसे चर्चित कलाकारों के नाम भी सामने आए हैं। इन सितारों की मौजूदगी से इस साल का समारोह और भी खास होने वाला है।
इस बार ऑस्कर अवॉर्ड समारोह की मेजबानी अमेरिकी टीवी होस्ट और कॉमेडियन कोनन ओ’ब्रायन करेंगे। यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 15 मार्च को लॉस एंजेलिस के मशहूर डॉल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा। स्थानीय समय के अनुसार समारोह शाम 7 बजे शुरू होगा। वहीं भारत में दर्शक इसे 16 मार्च की सुबह करीब 4:30 बजे लाइव देख सकेंगे। भारतीय दर्शकों के लिए इस इवेंट का प्रसारण जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा।
भारत की ओर से भी इस साल ऑस्कर में एक फिल्म चर्चा में रही। निर्देशक नीरज घायवान की फिल्म ‘होमबाउंड’ को शॉर्टलिस्ट किया गया था। यह फिल्म करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है। हालांकि, यह फिल्म अंतिम नॉमिनेशन में जगह बनाने में सफल नहीं हो पाई और अवॉर्ड की दौड़ से बाहर हो गई। इस फिल्म में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।