Edited By suman prajapati, Updated: 01 Sep, 2025 10:37 AM

पंजाब इस वक्त भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। लगातार भारी बारिश और नदियों के उफान की वजह से कई गांव और खेत पानी में डूब गए हैं। हजारों परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। ऐसे में इस संकट के समय में हर कोई पंजाब के लिए प्रार्थना कर रहा है। इसी बीच...
मुंबई. पंजाब इस वक्त भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। लगातार भारी बारिश और नदियों के उफान की वजह से कई गांव और खेत पानी में डूब गए हैं। हजारों परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं। ऐसे में इस संकट के समय में हर कोई पंजाब के लिए प्रार्थना कर रहा है। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर संजय दत्त ने भी राज्य में आई भारी बाढ़ पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस आपदा को "बहुत ही दिल दहला देने वाला" बताया और बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रार्थना व समर्थन की बात कही।
संजय दत्त ने अपनी पोस्ट में लिखा, “जो कुछ पंजाब में हो रहा है, वह सच में दिल तोड़ देने वाला है। मैं इस संकट की घड़ी में पंजाब के लोगों के साथ खड़ा हूं। सभी प्रभावित लोगों को शक्ति और प्रार्थनाएं भेज रहा हूं। मैं हर संभव मदद करूंगा। बाबाजी सभी को आशीर्वाद दें और उनकी रक्षा करें।”

संजय दत्त की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग मुसीबत के समय इस तरह पंजाब के साथ खड़े होने की सराहना कर रहे हैं और फिल्म इंडस्ट्री के अन्य कलाकारों से भी बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के गुरदासपुर, होशियारपुर और कपूरथला जैसे जिलों में सैकड़ों गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। अब तक लगभग 14,936 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। लोग बिना भोजन, पानी और जरूरी सामानों के परेशान हैं। इस बीच राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य सरकार और स्थानीय स्वयंसेवक लगातार बचाय कार्यों में जुटे हुए हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने, खाने-पीने की वस्तुएं पहुंचाने और स्वास्थ्य सेवाएं देने का काम किया जा रहा है।