Edited By suman prajapati, Updated: 11 Jun, 2025 01:28 PM

एक्ट्रेस कृति खरबंदा बॉलीवुड इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेसेस में से एक हैं, जो अक्सर किसी न किसी वजह को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में कृति ने सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह पर लगे कार्यस्थल पर यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सशक्त बयान दिया...
मुंबई. एक्ट्रेस कृति खरबंदा बॉलीवुड इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेसेस में से एक हैं, जो अक्सर किसी न किसी वजह को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में कृति ने सिनेमैटोग्राफर प्रतीक शाह पर लगे कार्यस्थल पर यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर सशक्त बयान दिया है। कृति ने बिना किसी का नाम लिए,इस मुद्दे को लेकर यह स्पष्ट किया कि कैसे किसी एक व्यक्ति के गलत आचरण की वजह से पूरी इंडस्ट्री को दोषी ठहरा दिया जाता है।
कृति खरबंदा ने अपनी बात रखते हुए कहा, “जैसा मैं देख रही हूं, वह एक सिनेमैटोग्राफर है, ये उसका पेशा है। लेकिन असली समस्या उसके व्यक्तित्व में है। ऐसा किसी भी क्षेत्र में हो सकता है। कॉर्पोरेट, मीडिया, कहीं भी। हम लोग चूंकि लाइमलाइट में होते हैं, इसलिए बातें ज़्यादा उठती हैं। लेकिन महिलाएं और पुरुष दोनों ही अपने काम की जगहों पर और कभी-कभी घर पर भी, ऐसी चीज़ों का सामना करते हैं।”
कृति ने कहा, जब कोई हमारी इंडस्ट्री के बाहर ऐसा कुछ करता है, तो हम उसका पेशा नहीं, उसका नाम या उम्र बताते हैं। लेकिन जब कोई फ़िल्म इंडस्ट्री से होता है, तो पूरी इंडस्ट्री को बदनाम कर दिया जाता है। ये नाइंसाफ़ी है। कोई भी इंडस्ट्री अच्छी या बुरी नहीं होती। सिर्फ लोग अच्छे या बुरे होते हैं। और ये एक व्यक्तिगत चुनाव होता है, जो उनके मूल्यों पर निर्भर करता है।
क्या है मामला?
दरअसल, पिछले दिनों प्रतीक शाह पर फिल्ममेकर अभिनव सिंह और सृष्टि रिया जैन ने महिलाओं को परेशान करने के आरोप लगाए थे। अभिनव सिंह ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर करते हुए दावा किया था कि 'प्रतीक लोगों को इमोशनली अब्यूज करता है और साथ ही बातों को गलत तरीके से पेश करता है।' वहीं अभिनव ने बताया कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतीक के गलत व्यवहार के बारे में बात की तो करीब 20 महिलाओं ने उनसे संपर्क किया और प्रतीक शाह के बारे में कई खुलासे किए।