Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 26 Mar, 2026 06:31 PM

'एक दिन' ने अपने ट्रेलर और टाइटल ट्रैक के साथ पहले ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह जगा दिया है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 'एक दिन' ने अपने ट्रेलर और टाइटल ट्रैक के साथ पहले ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह जगा दिया है। अब, एक और नया गाना 'ख्वाब देखूं' रिलीज हो गया है, जो दर्शकों को रोमांस की एक अलग ही दुनिया में ले जाता है!
आमिर खान प्रोडक्शंस की आने वाली फिल्म 'एक दिन' का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। पर्दे पर एक प्यारी सी प्रेम कहानी लेकर आ रही इस फिल्म ने अपने ट्रेलर और गानों से लोगों को बांधे रखा है। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए फिल्म का नया गाना 'ख्वाब देखूं' रिलीज हो गया है, जो हमें जुनैद खान और साई पल्लवी के बीच पनपते रोमांस की जादुई दुनिया में ले जाता है।
'एक दिन' का यह गाना 'ख्वाब देखूं' सुनने में वाकई बहुत सुकून देने वाला है। खूबसूरत वादियों के बीच फिल्माया गया यह गाना साई और जुनैद की धीरे-धीरे आगे बढ़ती लव स्टोरी को दिखाता है। इसमें हम शर्मीले और सीधे-सादे जुनैद को चुलबुली और दिलकश साई के प्यार में पड़ते हुए देखते हैं। दोनों के बीच का यह प्योर रोमांस आज के दौर में कम ही देखने को मिलता है। यह गाना अपने शांत और रोमांटिक अहसास को पूरी तरह बरकरार रखता है।
अरिजीत सिंह और तरन्नुम मलिक जैन की जादुई आवाजों में सजे इस गाने को राम संपत ने कंपोज किया है, जबकि इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। अरिजीत की रूहानी आवाज सीधे दिल को छू लेती है और प्यार के असली अहसास को जगाती है, जिससे इस जादुई प्रेम कहानी को देखने की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।
'एक दिन' के जरिए आमिर खान और फिल्म मेकर मंसूर खान एक लंबे अंतराल के बाद फिर से साथ आ रहे हैं, जो हिंदी सिनेमा की सबसे पसंदीदा जोड़ियों में से एक की वापसी है। इस जोड़ी ने दर्शकों को 'कयामत से कयामत तक', 'जो जीता वही सिकंदर', 'अकेले हम अकेले तुम' और 'जाने तू... या जाने ना' जैसी यादगार फिल्में दी हैं। 'एक दिन' के साथ यह जोड़ी एक बार फिर रोमांस जॉनर में लौट रही है, जिससे फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। उनके फिर से साथ आने ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है, जो पर्दे पर उस पुराने जादू को फिर से देखने के लिए बेताब हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी 'एक दिन' में साई पल्लवी और जुनैद खान मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसके निर्माता आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित हैं। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।