Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 29 Sep, 2026 12:40 PM

हिमेश रेशमिया का यह जोशीला गरबा गीत नवरात्रि के रंग और उत्साह को फिल्म की संगीत यात्रा में लेकर आता है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। ‘ये प्रेम मोल लिया’ का जश्न अब और भी खास हो गया है। फिल्म के टाइटल ट्रैक के बाद राजश्री प्रोडक्शंस ने फिल्म का नया गाना ‘जय अंबे बोल’ रिलीज कर दिया है। हिमेश रेशमिया का यह जोशीला गरबा गीत नवरात्रि के रंग और उत्साह को फिल्म की संगीत यात्रा में लेकर आता है।
आयुष्मान खुराना और शरवरी पर फिल्माया गया ‘जय अंबे बोल’ पूरी तरह से गरबा के उत्साह और जश्न से भरा हुआ है। रंग-बिरंगे माहौल, शानदार डांस और तेज-तर्रार बीट्स के साथ यह गाना नवरात्रि के उत्सव का माहौल बनाने में पूरी तरह कामयाब नजर आता है। गाने को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है और इसके बोल मयूर पुरी ने लिखे हैं।
फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘ये प्रेम मोल लिया’ पहले ही दर्शकों को फिल्म की भावनात्मक दुनिया से जोड़ चुका है। आयुष्मान और शरवरी की जोड़ी के साथ यह गाना प्यार, रिश्तों और परिवार की खूबसूरत झलक पेश करता है। अब ‘जय अंबे बोल’ के साथ फिल्म के संगीत में एक अलग ही रंग देखने को मिल रहा है।
खास बात यह है कि ‘जय अंबे बोल’ हिमेश रेशमिया के लंबे और शानदार संगीत सफर का पहला गरबा गीत है। नवरात्रि के 11 अक्टूबर से शुरू होने से ठीक पहले रिलीज हुआ यह गाना इस खास मौके के लिए बिल्कुल सही समय पर आया है।
गाने की धुन से लेकर इसके संगीत संयोजन तक, ‘जय अंबे बोल’ में गरबा की वही ऊर्जा सुनाई देती है, जो लोगों को नवरात्रि के दौरान डांस फ्लोर पर थिरकने के लिए मजबूर कर देती है। श्रेया घोषाल की दमदार आवाज गाने में और भी जान डालती है, जबकि हिमेश रेशमिया का संगीत इसे एक खास उत्सवी अंदाज देता है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ की कहानी में प्यार, परिवार और रिश्तों की अहम भूमिका है और फिल्म का संगीत भी इन्हीं भावनाओं को आगे बढ़ाता है। सूरज आर. बड़जात्या की पारिवारिक और दिल छू लेने वाली कहानी के साथ हिमेश रेशमिया का संगीत फिल्म की दुनिया को और खूबसूरत बनाता है।
जहां ‘ये प्रेम मोल लिया’ का टाइटल ट्रैक प्यार और भावनाओं की बात करता है, वहीं ‘जय अंबे बोल’ फिल्म में जश्न और उत्साह का रंग भरता है। ऐसे में फिल्म का संगीत प्यार, परिवार और साथ मिलकर खुशियां मनाने की भावना को एक साथ सामने लाता है।
राजश्री प्रोडक्शंस (पी) लिमिटेड और महावीर जैन फिल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत ‘ये प्रेम मोल लिया’ का निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि संगीत हिमेश रेशमिया ने दिया है। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी