Edited By Parveen Kumar, Updated: 08 Mar, 2026 07:59 PM

अपने पसंदीदा सितारों के लिए फैंस का जुनून अक्सर देखने को मिलता है, लेकिन कभी-कभी यही उत्साह अव्यवस्था का कारण भी बन जाता है। ऐसा ही एक मामला बेंगलुरु में सामने आया, जहां साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़ ने नए अस्पताल की...
नेशनल डेस्क : अपने पसंदीदा सितारों के लिए फैंस का जुनून अक्सर देखने को मिलता है, लेकिन कभी-कभी यही उत्साह अव्यवस्था का कारण भी बन जाता है। ऐसा ही एक मामला बेंगलुरु में सामने आया, जहां साउथ सुपरस्टार जूनियर एनटीआर की एक झलक पाने के लिए उमड़ी भीड़ ने नए अस्पताल की एस्केलेटर को नुकसान पहुंचा दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
अस्पताल उद्घाटन कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़
बताया जा रहा है कि जूनियर एनटीआर रविवार को बेंगलुरु में KIMS अस्पताल के उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उनके आने की खबर मिलते ही सैकड़ों फैंस अस्पताल परिसर में जमा हो गए। कुछ लोग अस्पताल के अंदर तो कई बाहर खड़े होकर अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने का इंतजार कर रहे थे।
धक्का-मुक्की में एस्केलेटर को हुआ नुकसान
जैसे ही अभिनेता कार्यक्रम के बाद वहां से निकलने लगे, फैंस की भीड़ अचानक आगे बढ़ने लगी। इस दौरान लोगों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी अफरा-तफरी में अस्पताल की एस्केलेटर का कांच टूट गया। वायरल वीडियो में भीड़ का जोश साफ दिखाई दे रहा है, जहां लोग अभिनेता का नाम पुकारते हुए उनकी ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अस्पताल प्रशासन ने तुरंत उस हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी है ताकि सुरक्षा बनी रहे।
अभिनेता की ओर से नहीं आया कोई बयान
इस पूरे मामले को लेकर अभी तक जूनियर एनटीआर की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. घटना के समय भी अभिनेता बिना किसी टिप्पणी के वहां से शांतिपूर्वक रवाना हो गए. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.