Edited By Mansi, Updated: 15 Oct, 2026 07:33 PM

यहां पढ़ें कैसी है फिल्म प्रहार द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम
फिल्म: 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' (Prahaar: The Untold Story of Ujjwal Nikam)
डायरेक्टर: अविनाश अरुण (Avinash Arun)
कलाकार: राजकुमार राव (Rajkummar Rao), वामिका गब्बी (Wamiqa Gabbi), ललित प्रभाकर (Lalit Prabhakar), जयदीप अहलावत (Jaideep Ahlawat), सिकंदर खेर (Sikandar Kher), आशीष विद्यार्थी (Ashish Vidyarthi)
रेटिंग: 3.5*
सिनेमा में अदालत की कहानियां अक्सर बड़े मुकदमों, तीखी बहसों और चौंकाने वाले फैसलों के इर्द-गिर्द घूमती हैं। लेकिन ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का नजरिया इससे थोड़ा अलग है। यह फिल्म एक ऐसे सरकारी वकील के सफर को सामने लाती है, जिसकी जिंदगी में पेशेवर जिम्मेदारियां और परिवार के प्रति फर्ज लगातार आमने-सामने खड़े रहते हैं। राजकुमार राव ने उज्ज्वल निकम की भूमिका निभाई है, जबकि निर्देशक अविनाश अरुण ने 26/11 मुंबई आतंकी हमले और उससे जुड़े कानूनी संघर्ष की पृष्ठभूमि में कहानी को आगे बढ़ाया है। आइए जानते हैं कैसी है फिल्म प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम।
कहानी
‘प्रहार’ की कहानी सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी पर आधारित है। फिल्म में 26/11 मुंबई आतंकी हमले और 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामलों को दिखाया गया है। उज्ज्वल निकम इन मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ते हैं। इस दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। अदालत में सबूतों और दलीलों के जरिए न्याय दिलाने की उनकी कोशिश कहानी को आगे बढ़ाती है। वहीं, अपने काम में व्यस्त रहने के कारण वह परिवार को ज्यादा समय नहीं दे पाते। इसका असर उनके निजी रिश्तों पर भी पड़ता है। फिल्म में उज्ज्वल निकम की पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ उनके पारिवारिक रिश्तों और जिम्मेदारियों के बीच होने वाले टकराव को भी दिखाया गया है।

अभिनय
राजकुमार राव जब भी किसी फिल्म में नजर आते हैं चाहे वो कॉमेडो हो बायोग्राफी हो या एक्शन हर जॉनर में अपनी छाप छोड़ते हैं। इस बार इस कोर्टरूम ड्रामा में वकील के रूप में राजकुमार गंभीर और सहज नजर आते हैं। उनका अभिनय बड़े-बड़े हावभाव के बजाय छोटे-छोटे एक्सप्रेशन और संवादों की अदायगी से असर पैदा करता है। ललित प्रभाकर ने अजमल कसाब के किरदार में प्रभाव छोड़ा है। खासकर कहानी के अहम मोड़ों पर उनकी मौजूदगी माहौल को गंभीर बनाती है। सिकंदर खेर बचाव पक्ष के वकील के रूप में अपने किरदार को संयमित अंदाज में पेश करते हैं, जबकि जयदीप अहलावत अपने हिस्से के दृश्यों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हैं। वामिका गब्बी ने ज्योति निकम की भूमिका में कहानी के भावनात्मक पक्ष को सहारा दिया है। वहीं, आशीष विद्यार्थी जस्टिस एम. एल. तहिलियानी के किरदार में गंभीरता लेकर आते हैं।

निर्देशन
अविनाश अरुण ने इस फिल्म की गंभीरता पर ध्यान दिया है। अदालत की कार्यवाही, कानूनी दलीलों और किरदारों के बीच होने वाले संवादों को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। निर्देशक का प्रयास है कि दर्शक सिर्फ मुकदमों की घटनाओं को न देखें, बल्कि उनके पीछे चल रहे मानसिक और भावनात्मक संघर्ष को भी समझें। फिल्म में उज्ज्वल निकम के पेशेवर जीवन के साथ उनके परिवार को भी जगह दी गई है। कुल मिलाकर, अविनाश अरुण ने कानून और इस कोर्टरूम ड्रामा में रियल कहानी का अच्छा बैलेंस रखा है।