‘मोहिनी’ के लिए यामी गौतम ने बदला हंसी का अंदाज, बोलीं- हर किरदार में नया एलिमेंट जोड़ती हूं

Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 05 Oct, 2026 05:11 PM

yami gautam changed her body language to become mohini in nayi naveli

अमेज़न MGM स्टूडियोज और कलर येलो की फिल्म ‘नई नवेली’ में यामी गौतम धर एक ऐसे किरदार में नजर आने वाली हैं..

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अमेज़न MGM स्टूडियोज और कलर येलो की फिल्म ‘नई नवेली’ में यामी गौतम धर एक ऐसे किरदार में नजर आने वाली हैं, जो उनके अब तक के निभाए किरदारों से काफी अलग है। फिल्म में वह ‘मोहिनी’ की भूमिका निभा रही हैं, जो कहानी में रहस्य, फैंटेसी और कॉमेडी के बीच एक अहम कड़ी है। अपने इस किरदार को पर्दे पर अलग अंदाज में पेश करने के लिए यामी ने इसकी तैयारी पर खास काम किया है।

‘नई नवेली’ की कहानी अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी सामान्य जिंदगी उस वक्त बदल जाती है जब एक डायन की एंट्री होती है। फिल्म में पारिवारिक ड्रामा और कॉमेडी के साथ फैंटेसी, मिस्ट्री और एक्शन भी देखने को मिलेगा। कहानी में परिवार के सदस्यों के बीच की नोकझोंक के साथ कई ऐसे ट्विस्ट हैं, जो इसे आम पारिवारिक कहानी से अलग बनाते हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि परिवार का डॉग भी इस पूरे घटनाक्रम का हिस्सा बनता है।

‘मोहिनी’ के लिए यामी ने अपनाई अलग बॉडी लैंग्वेज

फिल्म में नेशनल अवॉर्ड विनर यामी गौतम धर का लुक ही नहीं, बल्कि उनका व्यवहार और बॉडी लैंग्वेज भी अलग नजर आने वाला है। एक इवेंट के दौरान एक्ट्रेस ने बताया कि किसी किरदार की तैयारी उनके लिए सिर्फ डायलॉग याद करने तक सीमित नहीं होती। उन्हें उस किरदार की सोच, उसके हाव-भाव और उसकी पूरी पर्सनैलिटी को समझना जरूरी लगता है।

यामी के मुताबिक, हर नया रोल अपने साथ एक अलग चुनौती लेकर आता है। जब वह किसी किरदार के बारे में पहली बार पढ़ती हैं, तो उन्हें शुरुआत में भले ही वह दिलचस्प लगे, लेकिन उसके बाद उसे निभाने के लिए कई नई चीजें सीखनी पड़ती हैं। इसमें स्किल्स, एक्शन और बॉडी लैंग्वेज जैसी चीजें शामिल होती हैं।

‘किरदार को अपनी स्किन की तरह पहनना होता है’

यामी ने अपने प्रोसेस के बारे में बात करते हुए कहा कि उनके लिए किसी किरदार को निभाना एक अलग पर्सनैलिटी तैयार करने जैसा है। वह पहले उस किरदार की दुनिया को समझती हैं और फिर धीरे-धीरे उसकी आदतों और व्यवहार को अपने अभिनय में शामिल करती हैं।

उनका मानना है कि किसी किरदार को सिर्फ निभाना काफी नहीं है, बल्कि उसे इस तरह अपनाना जरूरी है कि वह कलाकार की अपनी स्किन का हिस्सा महसूस होने लगे। ‘मोहिनी’ के साथ भी यामी ने इसी प्रक्रिया को अपनाया है।

‘मैं हमेशा सोचती हूं कि कहीं तैयारी में कुछ छूट तो नहीं गया’

यामी ने यह भी बताया कि वह अपनी तैयारी को लेकर काफी सतर्क रहती हैं। एक्ट्रेस के मुताबिक, वह हमेशा यह सोचती रहती हैं कि कहीं किरदार को लेकर कुछ और करने की गुंजाइश तो बाकी नहीं है।

उनका मानना है कि किसी स्क्रिप्ट को बार-बार पढ़ने से किरदार और कहानी की नई परतें समझ में आती हैं। इसलिए उनके लिए फिल्म की ‘नब्ज’ को समझना बेहद जरूरी है। वह हर बार स्क्रिप्ट पढ़ते हुए किरदार में कुछ नया खोजने की कोशिश करती हैं।

‘मोहिनी उसी तरह नहीं हंसेगी’

‘मोहिनी’ को अपने पुराने किरदारों से अलग रखने के लिए यामी ने उसके छोटे-छोटे व्यवहार पर भी काम किया है। उन्होंने बताया कि मोहिनी के हंसने का अंदाज भी उनके पहले निभाए किरदारों जैसा नहीं होगा।

यामी का मानना है कि हर किरदार में कोई न कोई नया एलिमेंट होना चाहिए। वह अपने किरदारों में अपनी तरफ से कुछ ऐसा जोड़ने की कोशिश करती हैं, जिससे दर्शकों को उन्हें देखने में एक अलग तरह का मजा मिले।

फैंटेसी और फैमिली ड्रामा का मेल

‘नई नवेली’ में निर्देशक बालाजी मोहन ने फैंटेसी की कहानी को भारतीय पारिवारिक माहौल के साथ जोड़ा है। आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा की कलर येलो और अमेज़न MGM स्टूडियोज की यह फिल्म एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाती है, जिसकी दुनिया अचानक एक असामान्य परिस्थिति से प्रभावित होती है।

फिल्म में जी. वी. प्रकाश कुमार का संगीत भी अहम भूमिका निभाता है। ‘भाभी तबाही’ और थीम ट्रैक पहले ही चर्चा में हैं। फिल्म में कॉमेडी और इमोशन के साथ मिस्ट्री और एक्शन को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।

16 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म

यामी गौतम धर के अलावा फिल्म में अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है।

‘नई नवेली’ को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है और फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को दशहरा के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!