Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 30 Sep, 2026 02:54 PM

अपनी आगामी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ में वीर पहाड़िया अब अपने किरदार का एक और भावनात्मक पहलू दर्शकों के सामने लाने के लिए तैयार हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। अपनी आगामी फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ में वीर पहाड़िया अब अपने किरदार का एक और भावनात्मक पहलू दर्शकों के सामने लाने के लिए तैयार हैं। फिल्म का नया हार्टब्रेक ट्रैक ‘तुझसे बिछड़ के’ रिलीज हो गया है, जिसमें जुदाई का दर्द, टूटे रिश्तों की कसक और भावनात्मक उथल-पुथल को खूबसूरती से दर्शाया गया है।
वीर पहाड़िया और आफिया सैयद पर फिल्माए गए इस गीत में प्यार, तड़प और बिछड़ने के दर्द को दिखाया गया है। यह गाना दर्शकों को वीर के किरदार की इमोशनल जर्नी की झलक दे रहा है और कहानी में मौजूद रिश्तों की जटिलताओं को सामने ला रहा है। ‘प्रेम कीटाणु’ जहां युवा प्रेम, दोस्ती, रिश्तों और कॉलेज लाइफ की कहानी लेकर आ रही है, वहीं ‘तुझसे बिछड़ के’ फिल्म के इमोशनल पार्ट को और गहराई दे रहा है।
इस गीत को मधुर शर्मा ने अपनी आवाज़ दी है, जबकि इसका संगीत राहुल मिश्रा ने तैयार किया है। गीत के बोल मीर ने लिखे हैं। फिल्म के ट्रेलर में भी इस गाने की झलक देखने को मिली थी और यह कहानी के इमोशनल हिस्से को मजबूती से उभार रहा है।
कॉमेडी, रोमांस और कॉलेज लाइफ से भरपूर ‘प्रेम कीटाणु’ में यह गीत एक अलग ही भावनात्मक रंग जोड़ रहा है। फिल्म के पहले रिलीज हुए गानों में वीर पहाड़िया का रोमांटिक अंदाज़ देखने को मिला था, लेकिन ‘तुझसे बिछड़ के’ में वह प्यार में टूटन और संवेदनशीलता को बखूबी निभाते नजर आ रहे हैं।
अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी ‘प्रेम कीटाणु’ में वीर पहाड़िया, अपारशक्ति खुराना, आफिया सैयद, राकेश बेदी और निखिल विजय अहम भूमिकाओं में हैं। गौरव वर्मा द्वारा अवनिका फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।