Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 24 Jul, 2026 11:21 AM

रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण: पार्ट वन-द इंट्रोडक्शन' का ट्रेलर तय समय पर रिलीज नहीं होगा। मेकर्स ने सोनी पिक्चर्स के साथ ग्लोबल लॉन्च रणनीति के चलते ट्रेलर की रिलीज नई तारीख तक टाल दी है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। रणबीर कपूर और यश की फिल्म 'रामायण: पार्ट वन-द इंट्रोडक्शन' का ट्रेलर आज (24 जुलाई 2026) सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में शानदार लॉन्च के बाद रिलीज होने वाला था। फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे कि टीम उनके लिए क्या लेकर आई है। हालांकि, रिलीज से कुछ घंटे पहले ही मेकर्स ने इसे टालने का फैसला किया। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने एक ऑफिशियल बयान में इस अपडेट की पुष्टि की और देरी की वजह भी बताई। 'रामायण' टीम ने फिल्म की ग्लोबल रिलीज के लिए सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ पार्टनरशिप की है और इसी सहयोग के चलते उन्होंने घोषणा की है कि ट्रेलर अब बाद की तारीख में लॉन्च किया जाएगा।
रामायण ट्रेलर लॉन्च अपडेट
'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए कहा कि आज हमारी 'रामायण' के लिए बहुत खास पल है। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ हमारी पार्टनरशिप से 'रामायण' को दुनिया तक पहुंचाने का मेरा सपना अब सच हो रहा है। इसी वजह से, हम अपना ट्रेलर बाद की तारीख में ग्लोबली लॉन्च करेंगे।" उन्होंने आगे कहा कि "भारतीय सिनेमा के 100 से ज्यादा सालों के इतिहास में यह गर्व का पल होगा जब 'रामायण' को किसी बड़ी ग्लोबल हॉलीवुड फ़िल्म की तरह पूरी दुनिया को दिखाया जाएगा।

देश के युवा ही इसका भविष्य
उन्होंने आगे कहा कि यह खास है क्योंकि इससे दुनियाभर के लोगों के लिए नए गर्व और उत्साह के साथ हमारी संस्कृति और हमारी कहानियों की समृद्धि को जानने का दरवाजा खुलता है। मल्होत्रा ने इस अहम पड़ाव को मुमकिन बनाने में मदद करने के लिए 'रामायण' के सभी फैंस और चाहने वालों का शुक्रिया भी अदा किया। देशभर में चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शनों पर इशारों-इशारों में बात करते हुए, उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि देश के युवा ही इसका भविष्य हैं और सभी से उस भविष्य की रक्षा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने का आग्रह किया। फैंस ने कमेंट सेक्शन में देरी पर अपनी निराशा जाहिर की।
रामायण ट्रेलर लॉन्च
कई लोगों ने कहा कि वो फिल्म का ट्रेलर देखने के लिए पूरी रात जागे थे और मार्केटिंग टीम से सवाल किया कि उन्होंने "हाइप क्यों खत्म कर दी।" हालांकि, दूसरों ने कहा कि उन्हें अभी भी मेकर्स के विजन पर भरोसा है और वे नई रिलीज डेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 'रामायण' का ट्रेलर हाल ही में दिल्ली और मुंबई में प्राइवेट स्क्रीनिंग में दिखाया गया था। आज, इसे सैन डिएगो कॉमिक-कॉन 2026 में दिखाया जाना है। रणबीर, यश और अन्य लोग इस शानदार इवेंट के लिए अमेरिका रवाना हो चुके हैं।