Edited By suman prajapati, Updated: 10 Aug, 2025 02:17 PM

प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म 'बर्फी' को रिलीज़ हुए 13 साल पूरे हो चुके हैं, जिसमें एक्ट्रेस ने झिलमिल नाम की एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया था, जो ऑटिज़्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से ग्रसित होती है। प्रियंका का यह अभिनय न केवल चुनौतीपूर्ण था, बल्कि बेहद...
मुंबई. प्रियंका चोपड़ा स्टारर फिल्म 'बर्फी' को रिलीज़ हुए 13 साल पूरे हो चुके हैं, जिसमें एक्ट्रेस ने झिलमिल नाम की एक ऐसी लड़की का किरदार निभाया था, जो ऑटिज़्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से ग्रसित होती है। प्रियंका का यह अभिनय न केवल चुनौतीपूर्ण था, बल्कि बेहद सराहनीय भी रहा। अब फिल्म के 13 साल पूरे होने के अवसर पर प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर कई इमोशनल पोस्ट्स शेयर कीं। उन्होंने फिल्म की शूटिंग के अनुभवों और किरदार में ढलने की प्रक्रिया को याद किया।
एक खास इंस्टा स्टोरी में उन्होंने अपने माता-पिता के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा,“यह आखिरी बार था जब पापा किसी फिल्म के सेट पर आए थे।”
इस पोस्ट के ज़रिए उन्होंने अपने दिवंगत पिता डॉ. अशोक चोपड़ा को याद किया, जो प्रियंका के करियर में हमेशा एक मजबूत स्तंभ रहे हैं।

प्रियंका ने एक और इंस्टा स्टोरी में उस पल की तस्वीर शेयर की जब उन्हें 'बर्फी' के लिए एक प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया था। उस अवॉर्ड को लेने के लिए उनके पिता खुद स्टेज पर उनके साथ गए थे। प्रियंका ने उस तस्वीर के साथ लिखा:
"मेरी जीत, उनकी जीत थी। यह आखिरी बार था जब वह किसी सार्वजनिक मंच पर दिखाई दिए थे। इसके तीन महीने बाद वह दुनिया से विदा हो गए।”
यह पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है और फैंस भी उनके इस इमोशनल ट्रिब्यूट की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

निर्देशक अनुराग बसु को दिया श्रेय
प्रियंका ने अपने पोस्ट में फिल्म के निर्देशक अनुराग बसु की भी दिल से सराहना की और कहा कि उन्होंने एक ऐसी फिल्म बनाई जो वर्षों बाद भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है। उनके विज़न और निर्देशन की तारीफ करते हुए प्रियंका ने कहा कि 'बर्फी' उनके करियर का एक बेहद खास हिस्सा है।
बता दें, साल 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन अनुराग बसु ने किया था, जिसमें रणबीर कपूर, प्रियंका चोपड़ा और इलियाना डी क्रूज़ ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं। 35 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 188 करोड़ का कारोबार किया था। इन आंकड़ों से साफ है कि 'बर्फी' ने न केवल दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाई, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी सफलता की मजबूत छाप छोड़ी।