Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 07 Jul, 2026 02:27 PM

ओह माय गॉड 2' के निर्देशक अमित राय अपनी नई फिल्म 'ओह माय डॉग' के साथ एक बार फिर दर्शकों के सामने हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। 'ओह माय गॉड 2' के निर्देशक अमित राय अपनी नई फिल्म 'ओह माय डॉग' के साथ एक बार फिर दर्शकों के सामने हैं। फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज़ से पहले मेकर्स ने इसका पहला टीजर जारी किया है, जो एक बच्चे और उसके डॉग के बीच के अनोखे रिश्ते की भावुक झलक पेश करता है।
बाबूलाल बायोस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने किया है। फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलाख्याना बरुआ और विजय मिश्रा अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं ऑस्कर और ब्रूनो जैसे कैनाइन स्टार्स भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। खास बात यह है कि फिल्म में 250 से अधिक कुत्ते नज़र आएंगे, जो इसे और भी खास बनाते हैं।
'ओह माय डॉग' एक पारिवारिक मनोरंजक फिल्म है, जो इंसानों और कुत्तों के बीच अटूट विश्वास, दोस्ती और निस्वार्थ प्रेम की कहानी बयां करती है। फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं करती, बल्कि जानवरों के प्रति दया, संवेदनशीलता और सह-अस्तित्व का संदेश भी देती है। इसकी कहानी दर्शकों को यह एहसास कराती है कि प्रेम और अपनापन केवल इंसानों तक सीमित नहीं, बल्कि हर जीव के साथ जुड़ा हुआ है।
टीजर की शुरुआत अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय गीत "मेरे पास आओ मेरे दोस्तों, एक किस्सा सुनो" से होती है। यह गीत कहानी की मासूमियत और भावनात्मक गहराई को और प्रभावशाली बना देता है। टीज़र में बच्चे और उसके डॉग के बीच का रिश्ता दिल को छू लेने वाला नज़र आता है।
फिल्म को लेकर निर्देशक अमित राय का कहना है कि कुत्ते निस्वार्थ प्रेम और वफादारी का सबसे सुंदर उदाहरण हैं। उन्होंने बताया कि 'ओह माय डॉग' के जरिए उनकी कोशिश ऐसी कहानी कहने की रही है, जो दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ उन्हें भावनात्मक रूप से भी जोड़ सके। उनके अनुसार यह फिल्म हर जीव के प्रति प्रेम, करुणा और सम्मान का संदेश देती है। अमित राय का मानना है कि यदि फिल्म देखने के बाद लोग जानवरों के प्रति थोड़ा भी अधिक संवेदनशील बनते हैं, तो उनकी यह कोशिश सफल मानी जाएगी।