Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 26 Nov, 2026 04:10 PM
जानकी दास रुइया अस्पताल में कुछ मेडिकल रहस्य ऐसे हैं जिनका कोई सीधा जवाब नहीं है।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। जियोहॉटस्टार ने अपनी आगामी मेडिकल ड्रामा सीरीज 'डॉ. हसन' का ट्रेलर जारी कर दिया है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी और दीया मिर्जा स्टारर इस सीरीज में मेडिकल रहस्यों, दिलचस्प किरदारों और मानवीय रिश्तों की एक अनोखी दुनिया देखने को मिलेगी। रोहन सिप्पी के निर्देशन में बनी यह सीरीज 11 दिसंबर से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी।
कहानी जानकी दास रुइया अस्पताल के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां कई ऐसे मेडिकल मामले सामने आते हैं जिनका हल सामान्य जांच और इलाज से निकालना आसान नहीं होता। ऐसे मुश्किल मामलों को सुलझाने की जिम्मेदारी डॉ. हसन की है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी इस किरदार में नजर आएंगे, जो अपनी असाधारण मेडिकल समझ और बीमारी की जड़ तक पहुंचने की क्षमता के लिए जाना जाता है।
अनोखे अंदाज वाले मेडिकल जीनियस बने नवाजुद्दीन
डॉ. हसन एक ऐसे डॉक्टर हैं जिनकी नजर उन छोटी-छोटी बातों पर भी जाती है, जिन्हें दूसरे डॉक्टर अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। मेडिकल मामलों को समझने और उनका सही निदान करने में उनका कोई मुकाबला नहीं है, लेकिन निजी जिंदगी और लोगों के साथ रिश्ते निभाने में वह काफी कमजोर हैं। उनका बेबाक स्वभाव, काम करने का अलग तरीका और नियमों के प्रति उदासीन रवैया उन्हें अस्पताल के दूसरे लोगों के लिए चुनौतीपूर्ण बनाता है।
वहीं, अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पलक जैन की भूमिका दीया मिर्जा निभा रही हैं। पलक न केवल अस्पताल की जिम्मेदारी संभालती हैं, बल्कि वह हसन की पुरानी सहपाठी भी रह चुकी हैं। वह उनकी प्रतिभा और काम करने के अनोखे तरीके को अच्छी तरह समझती हैं।
मेडिकल मामलों के साथ रिश्तों की भी दिखेगी कहानी
सीरीज में हसन के करीबी दोस्त डॉ. विवेक और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी अहम भूमिका में है। स्मरण साहू, रहमत रतन और जेसन थाम इस टीम का हिस्सा हैं। हर नए मेडिकल केस के साथ टीम को ऐसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, जहां सही बीमारी की पहचान करना सबसे बड़ी परीक्षा बन जाता है।
'डॉ. हसन' सिर्फ अस्पताल और मरीजों की कहानियों तक सीमित नहीं है। इसमें डॉक्टरों के आपसी रिश्ते, उनके व्यक्तित्व, कमजोरियां और काम के दौरान पैदा होने वाली परिस्थितियों को भी दिखाया जाएगा। मेडिकल सस्पेंस के साथ तीखा हास्य और अप्रत्याशित घटनाएं इस कहानी को पारंपरिक मेडिकल ड्रामा से अलग बनाती हैं।
नवाजुद्दीन और दीया ने साझा किया अपने किरदारों का अनुभव
अपने किरदार के बारे में बात करते हुए नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि डॉ. हसन की सबसे खास बात यह है कि उसे लोगों को खुश करने या अच्छा दिखने की कोई परवाह नहीं है। वह अपने मेडिकल केस में पूरी तरह डूबा रहता है और उसके लिए बाकी चीजें उतनी मायने नहीं रखतीं। अभिनेता के मुताबिक, इस किरदार की अलग-अलग परतों और उसके व्यवहार के पीछे की वजहों को समझना उनके लिए एक शानदार अनुभव रहा। उन्होंने यह भी बताया कि हसन और दूसरे लोगों के बीच होने वाली बातचीत से स्वाभाविक रूप से हास्य के कई दिलचस्प पल पैदा होते हैं।
वहीं, दीया मिर्जा ने कहा कि इस सीरीज की खूबसूरती केवल मेडिकल मामलों में नहीं, बल्कि उनके साथ जुड़े रिश्तों में भी है। पलक हसन को लंबे समय से जानती हैं और उनकी काबिलियत के साथ-साथ उनके मुश्किल स्वभाव से भी परिचित हैं। दोनों के बीच पुराना जुड़ाव और आपसी समझ उनकी बातचीत को खास बनाती है। दीया के अनुसार, यह सीरीज चिकित्सा के साथ-साथ उससे जुड़े लोगों की भावनाओं और उनके व्यक्तित्व को भी समझने की कोशिश करती है।
रोहन सिप्पी ने बताया क्यों खास है 'डॉ. हसन'
निर्देशक रोहन सिप्पी के लिए इस सीरीज को भारतीय दर्शकों के सामने लाना एक दिलचस्प रचनात्मक चुनौती रही। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय मेडिकल ड्रामा 'हाउस' को भारतीय परिवेश में ढालना बड़ी जिम्मेदारी थी। टीम ने मूल शो के रहस्य और उसके मुख्य किरदार की खासियत को बरकरार रखते हुए भारतीय कहानी कहने के अंदाज को शामिल करने की कोशिश की है।
उन्होंने नवाजुद्दीन सिद्दीकी को डॉ. हसन के किरदार के लिए बेहतरीन चुनाव बताया। उनके मुताबिक, नवाजुद्दीन की अभिनय क्षमता किरदार की जटिलता और अप्रत्याशित स्वभाव को प्रभावशाली तरीके से सामने लाती है। वहीं, दीया मिर्जा अपने किरदार में गरिमा और संतुलन लेकर आती हैं।
'हाउस' सीरीज का भारतीय रूपांतरण है 'डॉ. हसन'
गौरतलब है कि 'डॉ. हसन' मशहूर अमेरिकी मेडिकल ड्रामा सीरीज 'हाउस' का भारतीय रूपांतरण है। डेविड शोर द्वारा बनाई गई इस मूल सीरीज में ह्यू लॉरी मुख्य भूमिका में थे। साल 2004 से 2012 के बीच फॉक्स पर प्रसारित हुई इस सीरीज के कुल आठ सीजन आए थे। इसे दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली थी। इसने पांच प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड, दो गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड और एक पीबॉडी अवॉर्ड समेत कई प्रतिष्ठित सम्मान अपने नाम किए थे।
'डॉ. हसन' का निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। इसकी कहानी का रूपांतरण और पटकथा विनय छावल तथा केतन पेडगांवकर ने लिखी है, जबकि संवाद विराट बसोया ने तैयार किए हैं। बानीजे एशिया के बैनर तले दीपक धर, ऋषि नेगी, राजेश चड्ढा, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने इसका निर्माण किया है। विभास सिंह गौतम सीरीज के कार्यकारी निर्माता हैं।
मेडिकल रहस्य, असाधारण प्रतिभा और रिश्तों की उलझनों से सजी 'डॉ. हसन' 11 दिसंबर से जियोहॉटस्टार पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी।