Trailer: प्यार और इंतज़ार की अनकही कहानी है इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’

Edited By Jyotsna Rawat, Updated: 19 May, 2026 04:27 PM

imtiaz ali s main wapas aaunga trailer released

प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली एक बार फिर दर्शकों के लिए प्यार, यादों और जज़्बातों से भरी कहानी लेकर आ रहे हैं।

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली एक बार फिर दर्शकों के लिए प्यार, यादों और जज़्बातों से भरी कहानी लेकर आ रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म मैं वापस आऊंगा का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

ट्रेलर में दिखी प्यार, बिछड़ने और इंतज़ार की भावुक कहानी

फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाता है, जहां अधूरी मोहब्बत, बिछड़ने का दर्द और यादों की कसक आज भी जिंदा है। ट्रेलर में पुराने दौर की मासूमियत और रिश्तों की गहराई को बेहद खूबसूरती से पेश किया गया है। फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें प्यार और इंसानी जुड़ाव की भावनात्मक यात्रा दिखाई गई है।

ए. आर. रहमान, इरशाद कामिल और इम्तियाज अली की हिट तिकड़ी फिर साथ

फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसमें एक बार फिर ए. आर. रहमान, इरशाद कामिल और इम्तियाज़ अली की मशहूर तिकड़ी साथ आई है। इस टीम ने इससे पहले भी हिंदी सिनेमा को कई यादगार गाने दिए हैं। फिल्म के अब तक रिलीज़ हुए गानों को भी दर्शकों का भरपूर प्यार मिल चुका है।

इम्तियाज अली बोले — यह सिर्फ फिल्म नहीं, यादों का सफर है

ट्रेलर लॉन्च के दौरान इम्तियाज अली ने कहा कि यह फिल्म प्यार और इंतज़ार की बेहद निजी कहानी है, जो देश के बंटवारे के 78 साल बाद भी लोगों के दिलों में जिंदा भावनाओं को सामने लाती है। उन्होंने बताया कि यह कहानी उन सैकड़ों किस्सों से प्रेरित है, जिन्हें उन्होंने उस पीढ़ी से सुना जिन्होंने पार्टिशन को अपनी आंखों से देखा था। उन्होंने कहा कि इस कहानी को बड़े पर्दे पर लाना उनके लिए गर्व और खुशी की बात है।

अप्लॉज़ एंटरटेनमेंट ने बताया 'दिल को छू लेने वाला सिनेमाई अनुभव'

अप्लॉज एंटरटेनमेंट (Applause Entertainment) के बिज़नेस हेड सुनील चैनानी ने कहा कि टीज़र और म्यूज़िक को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है और अब ट्रेलर रिलीज को लेकर पूरी टीम बेहद उत्साहित है। उनके मुताबिक, फिल्म का असली अनुभव सिनेमाघरों में ही महसूस किया जा सकेगा।

12 जून 2026 को रिलीज़ होगी फिल्म

मैं वापस आऊंगा का निर्माण बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट (Birla Studios, Applause Entertainment ) और विंडो सीट फिल्म्स (Window Seat Films) द्वारा किया गया है। फिल्म 12 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। वहीं, फिल्म का संगीत Tips Music के बैनर तले जारी किया गया है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!