Edited By suman prajapati, Updated: 14 Dec, 2025 03:58 PM

साल 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और कुछ दिनों में ही यह अपने सबको अलविदा कह जाएगा। वहीं, इस साल ने जाते-जाते हमसे कई दिग्गज व शानदार कलाकार भी छीन लिए, जिनकी कमी आने वाले समय में हमेशा महसूस होती रहेगी। धर्मेंद्र, मनोज कुमार, शेफाली जरीवाला समेत...
मुंबई. साल 2025 अब अपने अंतिम पड़ाव पर है और कुछ दिनों में ही यह अपने सबको अलविदा कह जाएगा। वहीं, इस साल ने जाते-जाते हमसे कई दिग्गज व शानदार कलाकार भी छीन लिए, जिनकी कमी आने वाले समय में हमेशा महसूस होती रहेगी। धर्मेंद्र, मनोज कुमार, शेफाली जरीवाला समेत कई मशहूर सितारों ने इस साल दुनिया को अलविदा कह दिया। तो आइए जानते हैं साल 2025 में किन-किन कलाकारों का निधन हो गया..
कामिनी कौशल
हिंदी सिनेमा की जानी-मानी और वरिष्ठ अभिनेत्री कामिनी कौशल का 14 नवंबर 2025 को निधन हो गया। वह 98 वर्ष की थीं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई बड़े सितारों के साथ काम किया। खास बात यह रही कि वह दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र की पहली हीरोइन थीं।

धर्मेंद्र
बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ कहे जाने वाले धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को निधन हो गया। वह 89 साल के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। धर्मेंद्र ने करीब 65 वर्षों तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और 300 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर हिंदी सिनेमा में गहरी छाप छोड़ी है।

गोवर्धन असरानी
ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘शोले’ में जेलर का यादगार किरदार निभाने वाले एक्टर गोवर्धन असरानी का 20 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। वह 84 साल के थे। उनकी कॉमिक टाइमिंग और दमदार डायलॉग डिलीवरी आज भी दर्शकों के दिलों में बसी हुई है।

सुलक्षणा पंडित
अपनी खूबसूरती और अभिनय के लिए पहचानी जाने वाली एक्ट्रेस सुलक्षणा पंडित का 6 नवंबर 2025 को 71 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कार्डियक अरेस्ट की वजह से उनका निधन हो गया था।

सतीश शाह
कॉमेडी और कैरेक्टर रोल्स में जान डालने वाले एक्टर सतीश शाह का 25 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। वह 74 साल के थे और किडनी फेल होने के कारण उनका देहांत हुआ। फिल्मों और टीवी दोनों में उनकी मौजूदगी दर्शकों को हमेशा हंसाने का काम करती रही।

पंकज धीर
फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता पंकज धीर का 9 नवंबर 2025 को निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से उन्हें खास पहचान मिली थी।

मुकुल देव
अभिनेता मुकुल देव ने कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता। लंबे समय से बीमार चल रहे मुकुल देव का 23 मई 2025 को 54 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।

शेफाली जरीवाला
‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर शेफाली जरीवाला का 27 जून 2025 को निधन हो गया। वह 42 साल की थीं और कार्डियक अरेस्ट के कारण उनका देहांत हुआ। उनकी अचानक हुई मौत ने फैंस को गहरा सदमा दिया।

जुबीन गर्ग
असम के दिग्गज गायक और संगीतकार जुबीन गर्ग का 19 सितंबर 2025 को सिंगापुर में निधन हो गया था। शुरुआत में कहा गया था कि उनकी मौत स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुर्घटना में हुई। लेकिन बाद में कई सवाल उठे, विरोध हुआ और परिवार व फैंस ने निष्पक्ष जांच की मांग की। अभी उनकी मौत के मामले की जांच चल रही है।